लंदन में भारतीय दंपति और बेटे की 36वीं मंजिल से गिरकर मौत! हत्या, हादसा या आत्महत्या… हर एंगल से जांच जारी – Indian Origin Couple and their Son Die After Fall From 36th Floor in London ntc dpmx


ब्रिटेन की राजधानी लंदन में भारतीय मूल के एक दंपति और उनके 9 वर्षीय बेटे की 36वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. यह घटना 27 मई को हुई थी, लेकिन मामले को लेकर मंगलवार को ब्रिटिश मीडिया में विस्तृत रिपोर्ट सामने आई. मीडिया रिपोर्ट्स में इसे कथित तौर पर ‘सुसाइड पैक्ट’ यानी सामूहिक आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि परिवार के करीबी लोगों ने इस दावे को खारिज किया है.

मृतकों की पहचान राकेश पई (47), उनकी पत्नी अदिति पारलकर (46) और उनके बेटे सिड (9) के रूप में हुई है. तीनों की मौत लंदन के यूएनसीएलई (UNCLE) टावर ब्लॉक स्थित अपने 36वीं मंजिल के अपार्टमेंट की बालकनी से गिरने के बाद हुई. ब्रिटिश अखबार ‘डेली मेल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, दंपति ने यह कदम उस समय उठाया जब डॉक्टरों ने कथित तौर पर उनके गंभीर रूप से बीमार बेटे के इलाज की संभावनाएं समाप्त होने की बात कही थी. हालांकि, परिवार के मित्रों ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा है कि मामले की पूरी सच्चाई अभी सामने नहीं आई है.

ब्रिटेन की लेबर पार्टी के सांसद नील कॉयल ने इस घटना को बेहद दुखद त्रासदी बताया. उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय लोगों ने इस घटना को अपनी आंखों से देखा था. उनके मुताबिक, बच्चे का जन्म ब्रिटेन में हुआ था और वह कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था. पुलिस का मानना है कि बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां इस घटना की एक वजह हो सकती हैं. रिपोर्ट के अनुसार, राकेश पई और अदिति पारलकर 2000 के दशक में मुंबई से लंदन गए थे और वहां उन्होंने अपने-अपने पेशेवर जीवन में सफलता हासिल की.

यह भी पढ़ें: ब्रिटेन का सबसे लंबा तलाक केस! 23 साल बाद भारतीय मूल की महिला को मिले 85 करोड़

बेटे की बीमारी से स्ट्रेस में था कपल 

राकेश फाइनेंशियल कंसल्टेंट थे, जबकि अदिति कंस्ट्रक्शन सेक्टर में सीनियर पोजिशन पर कार्यरत थीं. उनके बेटे सिड को कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं, जिनके कारण उसे स्पेशल एजुकेशन की जरूरत थी. बताया गया है कि उसे किडनी से जुड़ी एक गंभीर बीमारी भी थी, जिसके चलते वह बोल नहीं पाता था. बेटे की देखभाल के लिए अदिति ने उसकी पढ़ाई घर से ही करवाई और अधिकांश समय उसकी देखरेख में बिताया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस जिम्मेदारी का उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा प्रभाव पड़ा था.

करीब छह साल पहले परिवार बेहतर इलाज की तलाश में लंदन से मुंबई लौट आया था. हालांकि, डॉक्टरों द्वारा आगे इलाज की सीमित संभावनाएं बताए जाने के बाद परिवार दोबारा ब्रिटेन चला गया.परिवार के एक करीबी मित्र ने ‘डेली मेल’ को बताया कि अदिति के लिए नौकरी और बेटे की देखभाल दोनों को संभालना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था, जिससे उन पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ता गया. फिलहाल लंदन पुलिस ने मामले को ‘अप्रत्याशित मौत’ (Unexpected Death) के रूप में दर्ज किया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौतों के कारणों और परिस्थितियों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.

—- समाप्त —-


Leave a Comment