09:14 AM, 22-May-2026
Bhojshala:अस्थायी जेल से साइबर मॉनिटरिंग तक, प्रशासन पूरी तरह सतर्क
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने जेल वाहन, वज्र वाहन, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा है। गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें और अस्थायी जेल की व्यवस्था की गई है। वहीं, सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट पर कड़ी नजर रखी जा रही है। साइबर सेल लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहकर शांति बनाए रखने की अपील की है।
08:37 AM, 22-May-2026
धार भोजशाला मंदिर: बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात
धार भोजशाला मंदिर को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को किसी प्रकार की तनाव पूर्ण स्थिति निर्मित न हो इसके लिए प्रशासन सख्त है। ताकि कानून व्यवस्था कायम रहे। शांति बनी रहे। इसके लिए शहर में 2200 पुलिसकर्मी, CRPF और SAF तैनात हैं। ड्रोन, CCTV और बाइक पुलिस टीम निगरानी कर रही है।
बता दें, भोजशाला की सुरक्षा को तीन स्तरों में विभाजित किया गया है। शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी पुलिस बल तैनात रहेगा। धार में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की दो कंपनियां भी तैनात की गई हैं। इसके अलावा आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। प्रशासन ने जुलूस-महाआरती की अनुमति से इनकार करते हुए धारा 144 लागू रखी है।
07:42 AM, 22-May-2026
Dhar BhojshalaTemple Live: भोजशाला को लेकर मुस्लिम पक्ष की सुप्रीम कोर्ट में याचिका, धार पुलिस का कड़ा पहरा
धार भोजशाला मंदिर को लेकर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के फैसले के बाद देशभर में हिंदू पक्ष में खुशी की लहर है। वहीं, आज यह पहला मौका है, जब धार की भोजशाला में शुक्रवार को नमाज नहीं पढ़ी जाएगी और महाआरती होगी। बता दें, फैसले के ठीक एक सप्ताह पहले भोजशाला में आखिरी बार नमाज पढ़ी गई थी। हालांकि, उच्च न्यायालय के फैसले को मुस्लिम पक्ष ने सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी है। 21 मई को रात साढ़े आठ बजे विशेष अनुमति याचिका दायर की गई है।
आज इस याचिका पर सुनवाई हो सकती है। वहीं, संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन सख्त है। कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए धार प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विशेष पुलिस बल जिले में मौजूद है। आस-पास जिलों में पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है।