आज का मौसम 7 जुलाईः दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें कहां-कहां होगी बारिश
Weather Forecast: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में आमतौर पर बादल छाए रहने और कई जगहों पर हल्की बारिश व कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर-पश्चिम भारत में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। IMD ने कहा है कि अगले तीन दिनों में इसके गुजरात के और हिस्सों, हरियाणा और पंजाब के बाकी इलाकों और राजस्थान के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं। फिलहाल, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनू, हिसार और भटिंडा से होकर गुजर रही है।

दिल्ली के मौसम कैसा रहेगा?
IMD के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में आमतौर पर बादल छाए रहने और कई जगहों पर हल्की बारिश व कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। खासकर रात के समय बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रति घंटे (झोंकों के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक) की तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की भी संभावना है। IMD ने यह भी अनुमान लगाया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में मॉनसून के और सक्रिय होने के कारण 7 जुलाई और 8 जुलाई के बीच दिल्ली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मुंबई में भारी बारिश का अनुमान
IMD ने मुंबई में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इलाके में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए अधिकारियों ने सोमवार को मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में सभी सरकारी, प्राइवेट और नगर निगम के स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है।