प्रदेश के खिलाड़ियों को खेल रत्न और प्रशिक्षक को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलेगा। खेल विभाग ने वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन मांगे हैं। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश के मूल निवासी पात्र खिलाड़ी और प्रशिक्षक 24 जुलाई, 2026 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।
खेल मंत्री के मुताबिक पात्र अभ्यर्थी देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार, हिमालय रत्न खेल पुरस्कार, देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार और लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र पर संबंधित मान्यता प्राप्त राज्य खेल संघ की संस्तुति और खेल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन अनिवार्य होगा। खेल रत्न और हिमालय रत्न पुरस्कार खिलाड़ियों की कैलेंडर वर्ष 2025 की उपलब्धियों के आधार पर दिए जाएंगे। इसके लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना आवश्यक है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ियों के लिए भी चयन से पहले उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया होना जरूरी है।
देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रशिक्षक की ओर से तैयार किए गए खिलाड़ियों की पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित होगा। जबकि लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए प्रशिक्षक की ओर से तैयार किए गए श्रेष्ठ 10 खिलाड़ियों की उपलब्धियों का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रशिक्षकों के लिए मान्यता प्राप्त खेल संस्थान से एक वर्षीय डिप्लोमा या छह सप्ताह का प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम आवश्यक है। संबंधित राष्ट्रीय खेल संघ से प्रमाणित होना भी जरूरी है।
बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: वित्तीय अनियमितता से लेकर नियुक्ति पर भी पहले उठे थे सवाल, नहीं हुआ खुलासा