दौसा में UPI पेमेंट का खेल! ₹4 हजार का पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान फरार कार सवार बदमाश, CCTV में कैद घटना


दौसा: दौसा के राष्ट्रीय राजमार्ग 21 (NH-21) पर स्थित कांदोली पेट्रोल पंप से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ बदमाशों ने न केवल ₹4,000 का पेट्रोल चोरी किया, बल्कि पैसे मांगने पर पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी को कार से घसीटते हुए ले गए. इस दर्दनाक हादसे में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया है. पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.

दौसा में पेट्रोल पंप कर्मचारी को कार से घसीटकर फरार हुए बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, सदर थाना इलाके के कांदोली पेट्रोल पंप पर एक कार सवार बदमाश पेट्रोल भरवाने के लिए रुके. उन्होंने पंप कर्मचारी से ₹4,000 का पेट्रोल डालने को कहा. पेट्रोल भरने के बाद जब कर्मचारी ने पैसों की मांग की, तो कार में सवार बदमाशों ने चालाकी दिखाई. उन्होंने कर्मचारी को ऑनलाइन ‘यूपीआई (UPI) पेमेंट’ करने के बहाने अपनी बातों में उलझा लिया, ताकि उसका ध्यान भटक सके.

रफ्तार पकड़ती कार के साथ घिसटता गया कर्मचारी
जैसे ही बदमाशों को मौका मिला, उन्होंने अचानक कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की. सजग कर्मचारी ने बदमाशों को रोकने के लिए कार को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी गति और तेज कर दी. इसके चलते पीड़ित कर्मचारी कार के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया. बदमाशों की इस बेरहमी के कारण कर्मचारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया.

पंप कर्मचारी का हाथ टूटा, अस्पताल में भर्ती
इस धटना में पेट्रोल पंप का कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया है. घिसटने के कारण उसके हाथ की हड्डी टूट गई है और शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं. वारदात के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य लोगों और पंप प्रबंधन ने घायल कर्मचारी को नजदीकी दौसा अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.

विज्ञापन

CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
यह घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बदमाश कर्मचारी को घसीटते हुए ले जा रहे हैं. पीड़ित पंप चालक और प्रबंधन की ओर से इस मामले की लिखित शिकायत सदर थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर कार के नंबर और बदमाशों की पहचान करना शुरू कर दिया है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



Leave a Comment