आशीष चौरसिया, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में दादरी क्षेत्र के चिटहेरा गांव के पास बनने वाले मिनी स्टेडियम में 60 मीटर सड़क की आ रही बाधा अब दूर हो गई है, जल्द ही निमार्ण कार्य शुरू हो जाएगा।
स्टेडियम के लिए चिह्नित करीब 7.53 एकड़ जमीन खेल विभाग के नाम हस्तांतरित हुई। जमीन में से 60 मीटर सड़क के लिए जमीन निकाल दी गई है और खेल निदेशालय को पत्र लिखकर भेज दिया गया है। अब खेल निदेशालय के माध्यम से इसके निर्माण पर आने वाले कुल बजट का प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया गया है। मिनी स्टेडियम का निमार्ण 16.61 करोड़ रुपये की लागत से होना है।
सड़क बनाने में आ रही थी अड़चन
खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिनी स्टेडियम का निमार्ण कार्य में शासन के मास्टर प्लान 2041 के तहत बनाए जाने वाले 60 मीटर सड़क की अड़चन आ रही थी, जिसे खेल विभाग ने दूर कर दिया है और प्राधिकरण को 60 मीटर सड़क बनाने के लिए जमीन दे दी है। इससे अब जल्द ही शासन से बजट जारी होने की उम्मीद जग गई है और क्षेत्रीय लोगों का इंतजार खत्म हो गया है।
युवाओं को खेल के क्षेत्र में भविष्य संवारने का मिलेगा मौका
मिनी स्टेडियम के निर्माण से दादरी क्षेत्र के करीब 50 हजार से अधिक युवाओं को खेल के क्षेत्र में भविष्य संवारने का मौका मिलेगा। अभी तक दादरी क्षेत्र के युवाओं को खेल अभ्यास के लिए ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम या गाजियाबाद व बुलंदशहर तक की दौड़ लगानी पड़ती थी। ऐसे युवाओं को घर के पास ही मिनी स्टेडियम के रूप बेहतर खेल अभ्यास की सुविधा उपलब्ध होंगी।
नौ मार्च 2025 को सीएम योगी ने किया था एलान
दादरी क्षेत्र के युवाओं को खेल में भविष्य संवारने के दृष्टिकोण से एक मिनी स्टेडियम कई सालों से प्रस्तावित है। इसे दादरी विधायक तेजपाल नागर के प्रयासों से आगे बढ़ाया गया। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को उचित खेल संसाधन मुहैया कराने की जरूरतों को देखते हुए दादरी विधायक ने इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखा था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौ मार्च 2025 को स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की थी। लगभग 7.53 एकड़ जमीन चिह्नित की गई थी। यह स्टेडियम ग्रामीण युवाओं को क्रिकेट, फुटबाल और एथलेटिक्स जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा।
मिनी स्टेडियम में ये सुविधाएं मिलेंगी
चिटहेरा गांव में प्रस्तावित मिनी खेल स्टेडियम में 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, बहुद्देशीय तीन मंजिला हाल, फुटबाल, क्रिकेट, इंडोर हाल, बैडमिंटन, कुश्ती, बॉक्सिंग, कुश्ती, कबड्डी, टेबल टेनिस, बॉस्केटबाल, जूडो, जिम विकसित करने की योजना है।
यह भी पढ़ें- 4 फेज में 209 वर्ग KM में बसेगा ‘न्यू नोएडा’, किसानों को मिलेगा ₹4300 वर्गमीटर तक मुआवजा; क्या है पूरा प्लान?
ग्रेनों में ये स्टेडियम हैं पहले से मौजूद
- शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स
- जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम मलकपुर
- युवा कल्याण विभाग को दुजाना व सोरखा गांव में खेल मैदान
मिनी स्टेडियम के निमार्ण में फंड जारी होने में 60 मीटर सड़क की आ रही बाधा को दूर कर दिया गया है। इसके लिए निदेशालय को पत्र भी भेज दिया गया है। इसमें इंडोर और आउटडोर दोनों तरह के खेलों के आयोजन व प्रशिक्षण की सुविधा देने की तैयारी है। जमीन खेल विभाग के नाम दर्ज है। अब बजट जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। – डॉ. परवेज अली, प्रभारी जिला प्रभारी क्रीड़ाधिकारी गौतमबुद्ध नगर