फरीदाबाद में शराब के नशे में खूनी खेल, मामूली सी बात पर पीट-पीटकर मार डाला; 3 गिरफ्तार


जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सेक्टर चार में मारपीट कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह घटना पांच जुलाई को हुई थी। मृतक पटेल नगर का निवासी था। अब सेक्टर-आठ पुलिस ने पटेल नगर निवासी बजरंगी व रोहित उर्फ बोना तथा चावला कालोनी निवासी गोलू को गिरफ्तार किया है।

अदालत में पेश कर दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर-8 में पटेल नगर निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पांच जुलाई को पैसों के लेनदेन को लेकर सेक्टर चार में उसके बड़े भाई प्रभात की शुभम, रोहित उर्फ बोना, बजरंगी व अन्य ने मारपीट कर हत्या कर दी थी।

सेक्टर 4 के ठेके पर सभी ने शराब पी

इसकी शिकायत पर थाना सेक्टर आठ में हत्या की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि पांच जुलाई को प्रभात, चावला कॉलोनी स्थित शुभम की दुकान पर गया था। जहां से शुभम व प्रभात सेक्टर चार स्थित ठेके पर आए थे। आरोपित भी वहां आ गए थे, जहां पर सभी ने साथ बैठकर शराब पी।

इसी दौरान बजरंगी की मृतक के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी के बाद गाली-गलौंच हो गई थी, जिसको लेकर बजरंगी, रोहित उर्फ बोना व गोलू ने प्रभात की छाती में कई मुक्के मारे, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।



Leave a Comment