नई दिल्ली (Is Tattoo Allowed in Government Job). युवाओं में टैटू बनवाने का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है. कोई हाथ पर नाम लिखवाता है तो कोई अपनी कलाई पर खास सिंबल या धार्मिक चिह्न बनवाता है. टैटू दिखने में बहुत कूल और ट्रेंडी लगते हैं. लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब वही युवा सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू करता है. कई सरकारी नौकरियों में टैटू वालों को एंट्री नहीं मिलती है. अगर आप खुद फॉर्म में टैटू की जानकारी नहीं देंगे तो मेडिकल टेस्ट में फंस सकते हैं.
Is Tattoo Allowed in Government Job हर सरकारी नौकरी के लिए अलग नियम तय किए गए हैं
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के मन में अक्सर डर बना रहता है- क्या शरीर पर बना छोटा सा टैटू सालों की मेहनत और अफसर बनने के सपने को तोड़ देगा? क्या वाकई टैटू होने पर सरकार नौकरी नहीं देती या यह सिर्फ अफवाह है? सबसे बड़ा कन्फ्यूजन तो यह है कि अगर गलती से टैटू बन ही गया है और अब उसे लेजर से हटवा लिया जाए तो क्या मेडिकल टेस्ट पास हो पाएगा? अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और टैटू को लेकर परेशान हैं तो जानिए इसके होने या न होने से क्या फर्क पड़ेगा.
क्या टैटू के चक्कर में सरकारी नौकरी नहीं मिलती?
हर सरकारी नौकरी में टैटू बैन नहीं होता. देश की ज्यादातर सिविल या प्रशासनिक नौकरियों (जैसे- IAS, IPS, IRS, बैंकिंग, रेलवे, एसएससी-सीजीएल या क्लर्क) में टैटू होने से कोई दिक्कत नहीं होती है. बशर्ते वह टैटू कोई आपत्तिजनक, अश्लील या देश विरोधी संदेश न देता हो. इसलिए अगर आप केवल टेबल-कुर्सी वाली या एडमिनिस्ट्रेटिव जॉब्स की तैयारी कर रहे हैं तो टेंशन मत लीजिए- आपके टैटू से सरकारी नौकरी को कोई खतरा नहीं है.
डिफेंस और पुलिस की नौकरियों में सख्त हैं नियम
दिक्कत वहां आती है जहां वर्दी और सख्त अनुशासन की बात होती है. भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, अर्धसैनिक बल (जैसे- CRPF, BSF, CISF, ITBP) और कुछ राज्यों की पुलिस में टैटू को लेकर बेहद सख्त नियम हैं. डिफेंस फोर्सेज में टैटू पर पाबंदी के पीछे 2 मुख्य कारण हैं:
- मेडिकल रिस्क: टैटू से त्वचा से जुड़ी बीमारियां या एचआईवी (HIV)/हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है.
- पहचान का संकट: युद्ध या इमरजेंसी की स्थिति में शरीर पर बना कोई भी स्थायी निशान आपकी सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है, जिससे दुश्मन आपको आसानी से पहचान सकता है.
धार्मिक टैटू और कुछ खास हिस्सों पर छूट: क्या है आर्मी का नियम?
भारतीय सेना की ऑफिशियल टैटू पॉलिसी है, जिसके तहत कुछ खास मामलों में छूट दी जाती है. अगर टैटू हाथ के अंदरूनी हिस्से पर है या हथेली के पिछले हिस्से पर है तो इसे कुछ हद तक स्वीकार किया जा सकता है. इसके अलावा, भारत के जनजातीय (Tribal) समुदायों के उम्मीदवारों को उनकी सांस्कृतिक परंपराओं के आधार पर विशेष छूट दी जाती है. साथ ही, छोटे धार्मिक चिह्न (जैसे- ऊं, क्रॉस या स्वस्तिक) अगर तय जगहों पर हैं तो उन्हें रिजेक्ट नहीं किया जाता.
अगर टैटू हटवा लें तो? क्या मेडिकल टेस्ट हो जाएगा पास?
अगर मेडिकल टेस्ट से पहले टैटू को पूरी तरह और सही तरीके से हटवा लेते हैं तो सरकारी नौकरी के योग्य माने जाएंगे. ‘लेजर टैटू रिमूवल’ (Laser Tattoo Removal) तकनीक के जरिए टैटू को काफी हद तक गायब किया जा सकता है. बस इस बात का ध्यान रखें कि टैटू हटाने के बाद त्वचा पर कोई गहरा या भद्दा जख्म न बचे. मेडिकल बोर्ड देखता है कि शरीर पर कोई ऐसी परमानेंट विकृति या स्किन इन्फेक्शन तो नहीं है जो ड्यूटी में बाधा बने. अगर आप डिफेंस की तैयारी कर रहे हैं तो फिजिकल और मेडिकल टेस्ट से कम से कम 4-6 महीने पहले किसी अच्छे डर्मेटोलॉजिस्ट से टैटू हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दें.
यह भी पढ़ें- 10 Jobs पर सिर्फ 1 दावेदर, 80 लाख तक मिल सकती है सैलरी, 6 महीने कर लें मेहनत