PM Modi Australia Visit LIVE: मेलबर्न की धरती पर एक बार फिर ‘मोदी-मोदी’ के नारों की गूंज सुनाई दी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवासी भारतीयों के भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत के बदलते वैश्विक स्वरूप और विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प का संदेश दिया. अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में यह उनकी ऑस्ट्रेलिया की तीसरी यात्रा है और यह उनकी “हैट्रिक” है.
इसके बाद उन्होंने 21वीं सदी के भारत की नई तस्वीर पेश करते हुए कहा कि देश तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्हें देश की प्रगति का अहम साझेदार बताया. मेलबर्न में आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ भारतीय समुदाय के उत्साह का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के मजबूत होते रिश्तों तथा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख का भी प्रतीक बन गया.
उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बनीज ने कहा, ऑस्ट्रेलिया के सच्चे दोस्त पीएम मोदी. मुझे दो बार भारत जाने का सौभाग्य मिला, और अहमदाबाद में मिले सम्मान को नहीं भूला हूं. भारतीय संस्कृति को महसूस करना अनूठा है.
इससे पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को ऊर्जा सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए. इस समझौते के साथ ऑस्ट्रेलिया से भारत को शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम के आयात का रास्ता साफ हो गया है. दोनों देशों के बीच कुल 18 समझौते किए गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को नई मजबूती देगा और दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को और गहरा करेगा. ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ वार्षिक नेताओं के शिखर सम्मेलन (Annual Leaders’ Summit) के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समझौते को अंतिम रूप दिया है.
उन्होंने कहा, आज हमने न्यूक्लियर एनर्जी के क्षेत्र में एक अहम समझौता किया है. इससे ऑस्ट्रेलिया से भारत को यूरेनियम की आपूर्ति का रास्ता खुलेगा और हमारे स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्यों को नई मजबूती मिलेगी.
संयुक्त बयान के अनुसार, ‘ऑस्ट्रेलिया-भारत परमाणु सहयोग समझौता (2015)’ के तहत ऑस्ट्रेलिया से भारत को यूरेनियम निर्यात के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. यह निर्यात केवल शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए होगा और इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) के सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाएगा.
बैठक के दौरान दोनों देशों ने पश्चिम एशिया के हालात और उसके वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला तथा कमोडिटी कीमतों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई. साथ ही, खुले और नियम-आधारित वैश्विक व्यापार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
भारत को एलएनजी (LNG) की आपूर्ति में ऑस्ट्रेलिया की महत्वपूर्ण भूमिका और ऑस्ट्रेलिया को लिक्विड फ्यूल तथा डाउनस्ट्रीम पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति में भारत की भूमिका को स्वीकार करते हुए दोनों देशों ने ऊर्जा व्यापार और निवेश बढ़ाने का संकल्प लिया.
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने नवीकरणीय ऊर्जा, कम-कार्बन ईंधन, ऊर्जा संक्रमण और पूरी ऊर्जा वैल्यू चेन में निवेश बढ़ाने पर भी सहमति जताई. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश जीवंत लोकतंत्र और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के महत्वपूर्ण साझेदार हैं तथा आपसी विश्वास और समान सोच के आधार पर अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को लगातार मजबूत कर रहे हैं.
PM Modi Australia Visit LIVE: पीएम मोदी ने किया भारत के Gen Z के भजन क्लबिंग ट्रेंड का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा, “भारत में आज कल भजन क्लबिंग का नया ट्रेंड चल रहा है, इसको हमारी Gen Z ड्राइव कर रही है और यहां ऑस्ट्रेलिया में मैंने सुना है कि आपका वीकेंड आस्था और आध्यात्म से भरा रहता है. कहीं किसी के घर भगवान सत्यनारायण की कथा, कहीं गुरुद्वारे में अरदास, कहीं बच्चों द्वारा भांगडा या भरतनाट्यम की प्रस्तुति, कहीं कोई क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा होता है. अब तो इंडियन फिल्म फेस्टिवल भी यहां आ गया है, कुछ दिन बाद ही यहां मेलबर्न में इंडियन फिल्म फेस्टिवल शुरू होने वाला है, मैं इसके सफल आयोजन की अभी से शुभकामनाएं देता हूं.”
PM Modi Australia Visit LIVE: ‘ऑस्ट्रेलिया में कई लोग कम से कम दो टाइम ज़ोन में रहते हैं’
भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आपमें से कई लोग ऐसे होंगे जो अपने घरों में कम से कम दो टाइम ज़ोन को मैनेज करते हैं. यहां बच्चे ऑस्ट्रेलियाई समय के अनुसार स्कूल से लौटते हैं, जबकि भारत में दादा-दादी वीडियो कॉल के ज़रिए जुड़ने का इंतज़ार कर रहे होते हैं. हो सकता है कि यहां वीकेंड हो, फिर भी भारत में हो रही किसी शादी की लाइव स्ट्रीमिंग चल रही हो. दूसरे शब्दों में, भले ही हज़ारों किलोमीटर की भौतिक दूरी हो, आपकी दिनचर्या भारत से गहराई से जुड़ी हुई है. इस दिनचर्या के साथ-साथ, आप सभी ऑस्ट्रेलिया के विकास में पूरे जोश के साथ योगदान दे रहे हैं. मुझे आप सभी पर गर्व है.”
PM Modi Australia Visit LIVE: पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय से कहा, मैं मेलबर्न के लोगों के साथ ‘फ़्लैट व्हाइट कॉफ़ी’ पीऊंगा
भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं उस ज़मीन के पारंपरिक मालिकों को नमन करते हुए अपनी बात शुरू करना चाहता हूं जहां हम मिल रहे हैं और मैं उनके बुज़ुर्गों – चाहे वे पहले के हों, अभी के हों या आने वाली पीढ़ी के – को सम्मान देता हूं. यह कार्यक्रम हाउसफ़ुल है. यह ब्लॉकबस्टर है… इससे पहले मैं आप सभी से सिडनी में दो बार मिल चुका हूं. मैं मेलबर्न के लोगों से मिलने का भी इंतज़ार कर रहा था. इसलिए इस बार मैंने सोचा कि मैं मेलबर्न के लोगों के साथ ‘फ़्लैट व्हाइट कॉफ़ी’ पीऊंगा.”
PM Modi Australia Visit LIVE: पीएम मोदी ने कहा, मेलबर्न के रंग भारतीयता से भरे हुए हैं
पीएम मोदी ने कहा, “ये मेलबर्न शहर एक दिन में ही चार सीजन के दर्शन करा देता है, लेकिन भारतीय समुदाय ने अपने कल्चरल कलर से इसे और वाइब्रेंट बना दिया है. यहां मेलबर्न में और आस पास काफी ऐसे स्थान हैं, मार्केट हैं जो भारतीयता के रंग से भरे हैं. कोई इसे लिटिल इंडिया कहता है, कोई मिनी इंडिया कहता है… नाम कोई भी हो लेकिन रंग भारतीयता से भरे हुए हैं.”
PM Modi Australia Visit LIVE: ‘पीएम अल्बनीज जब बोलते हैं, तो भारतीयों के दिल-दिमाग में छा जाते हैं’
पीएम मोदी ने कहा, “अहमदाबाद जहां दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट ग्राउंड है और मेलबर्न जहां आइकॉनिक स्टेडियम है, हम दोनों जगह साथ रहे हैं. हम सभी ने देखा है, पीएम अल्बनीज जी जब बोलते हैं तब भारतीयों के दिल और दिमाग में छा जाते हैं. सिडनी में भी आपने धूम मचाई थी और यहां भी आप छा गए.”
PM Modi Australia Visit LIVE: पिछले 12 सालों में तीसरी बार यहां आया हूं, PM मोदी ने लगाई ऑस्ट्रेलिया दौरे की हैट-ट्रिक
पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय से कहा, “जब मैं 2014 में पहली बार यहां आया था, तो 28 साल में पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री यहां आया था. मैंने तब कहा था, “अगली बार, आपको 28 साल इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा.” पिछले 12 सालों में, यह मेरा यहां तीसरा दौरा है. यह हैट-ट्रिक है. इससे पता चलता है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते मज़बूत हुए हैं. इसमें सबसे अहम भूमिका मेरी नहीं, बल्कि आप सभी, यानी प्रवासी भारतीयों की रही है.”
PM Modi Australia Visit LIVE: ‘आतंकवाद पूरी मानवता के लिए चुनौती’, PM मोदी ने पाकिस्तान को सुनाया
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद को पूरी मानवता के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए वैश्विक सहयोग की जरूरत पर जोर दिया. मेलबर्न में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में दोनों देशों ने पहलगाम आतंकी हमले और बॉन्डी बीच हमले की निंदा की. दोनों नेताओं ने अमेरिका-ईरान तनाव पर चिंता जताते हुए संवाद और कूटनीति के जरिए समाधान निकालने की अपील की तथा आतंकियों, उनके समर्थकों और फंडिंग नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता दोहराई.
पढ़ें पूरी खबर: ‘आतंकवाद पूरी मानवता के लिए चुनौती’, PM मोदी ने पाकिस्तान को सुनाया, लगे हाथ ऑस्ट्रेलिया PM ने भी चिढ़ा दिया
PM Modi Australia Visit LIVE: वैश्विक संघर्षों पर पीएम मोदी का संदेश, ‘संवाद और कूटनीति’ से ही निकलेगा समाधान
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया में जारी सभी संघर्षों का स्थायी समाधान केवल संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उन्होंने शांति और बातचीत के रास्ते पर जोर देते हुए कहा कि युद्ध किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता. प्रधानमंत्री ने आतंकवाद पर भी भारत का स्पष्ट रुख दोहराते हुए कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों मानते हैं कि आतंकवाद पूरी मानवता के लिए गंभीर खतरा है और इसके खिलाफ वैश्विक स्तर पर मिलकर लड़ना जरूरी है.
PM Modi Australia Visit LIVE: आतंकवाद और वैश्विक संघर्षों पर भारत-ऑस्ट्रेलिया की साझा राय
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि आतंकवाद केवल किसी एक देश के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती है. इसलिए आतंकवाद के खिलाफ दोनों देशों की लड़ाई भी साझा है और इस दिशा में सहयोग लगातार मजबूत किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी तनाव और युद्धों का स्थायी समाधान केवल संवाद और कूटनीति के जरिए ही संभव है. दोनों देशों ने शांतिपूर्ण समाधान, क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक शांति के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई.
PM Modi Australia Visit LIVE: भारत और ऑस्ट्रेलिया दो जीवंत लोकतंत्र, भरोसे से रिश्ते नई ऊंचाइयों पर-PM मोदी
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह और उनका प्रतिनिधिमंडल जिस गर्मजोशी और आतिथ्य से स्वागत किया गया, उसके लिए वह अपने मित्र और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अल्बनीज के व्यक्तिगत प्रयासों और प्रतिबद्धता ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई ऊंचाई और व्यापकता दी है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दो जीवंत लोकतंत्र, दो बहुसांस्कृतिक समाज और हिंद महासागर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण शक्तियां हैं. उन्होंने कहा कि दोनों देशों की समान सोच, साझा दृष्टिकोण और आपसी विश्वास भविष्य में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं.
PM Modi Australia Visit LIVE: भारत-ऑस्ट्रेलिया का साझा संदेश, हिंद-प्रशांत क्षेत्र खुला और स्वतंत्र रहना चाहिए
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: भारत और ऑस्ट्रेलिया के संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने दोहराया कि हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र खुला, स्वतंत्र, समावेशी और नियम-आधारित बना रहना चाहिए. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति, स्थिरता, समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के सम्मान के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराते हुए सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया.
PM Modi Australia Visit LIVE: भारत और ऑस्ट्रेलिया हिंद महासागर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण शक्तियां: पीएम मोदी
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया हिंद महासागर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण शक्तियां हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री अल्बनीज द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताते हुए कहा कि तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन के बाद दोनों देशों के बीच सहयोग नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की रणनीतिक साझेदारी, क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापार, ऊर्जा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में लगातार मजबूत हो रही है.
PM Modi Australia Visit LIVE: भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा साझेदारी को नई मजबूती, समुद्री सुरक्षा पर हुआ समझौता
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: भारत और ऑस्ट्रेलिया ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए साझा घोषणापत्र जारी किया है. दोनों देशों ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति जताई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच सालाना रक्षा मंत्रियों के संवाद का स्वागत किया और इसे रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. इसके साथ ही समुद्री सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए, इससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और समन्वय को और बढ़ावा मिलेगा.
PM Modi Australia Visit LIVE: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच यूरेनियम समझौते को मिली अंतिम मंजूरी
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: भारत और ऑस्ट्रेलिया ने आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा सहयोग और व्यापार को मजबूत करने की दिशा में कई अहम फैसलों की घोषणा की है. दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते (ECTA) के तहत बढ़ते व्यापार का स्वागत किया और ऊर्जा सुरक्षा पर साझा बयान जारी किया. साथ ही, भारत को ऑस्ट्रेलियाई यूरेनियम के दीर्घकालिक निर्यात के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को अंतिम रूप दिए जाने और उस पर हस्ताक्षर का भी स्वागत किया. यह निर्यात अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के सुरक्षा मानकों के तहत केवल शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए किया जाएगा, जिससे दोनों देशों के बीच रणनीतिक और ऊर्जा सहयोग को नई मजबूती मिलेगी.
PM Modi Australia Visit LIVE: भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन शुरू, कई अहम समझौतों पर होगी चर्चा
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा वार्षिक शिखर सम्मेलन शुरू हो गया है. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया और भारत साथ-साथ हैं, इसलिए एक के साथ एक दो नहीं बल्कि 11 हो रहा है.’ दोनों देशों के नेताओं के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, शिक्षा और रणनीतिक साझेदारी समेत कई अहम क्षेत्रों पर चर्चा होगी. सम्मेलन के दौरान कई बड़े ऐलान होने और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए जाने की भी संभावना है.
PM Modi Australia Visit LIVE: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर स्कॉट मॉरिसन से मिले पीएम मोदी
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से मुलाकात की. पीएम मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच भारत-ऑस्ट्रेलिया मित्रता और आपसी सहयोग को लेकर सार्थक बातचीत हुई. उन्होंने इस मुलाकात को दोनों देशों के मजबूत संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया.
PM Modi Australia Visit LIVE: पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मॉरिसन ने पीएम मोदी संग सेल्फी पोस्ट की
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उनके साथ ली गई एक सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा की. मॉरिसन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आमंत्रण पर हुई इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की साझा यात्रा को याद किया. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के लिए शुभकामनाएं भी दीं. मॉरिसन ने अपने पोस्ट में हल्के-फुल्के अंदाज में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे भारतीय खाना बनाने की उनकी प्रगति के बारे में भी पूछा. यह पोस्ट दोनों नेताओं के व्यक्तिगत सौहार्द्र और भारत-ऑस्ट्रेलिया के मजबूत होते रिश्तों की झलक पेश करती है.
PM Modi Australia Visit LIVE: प्रधानमंत्री अल्बनीज के सामने खालिस्तानियों का मुद्दा उठाएंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: ऑस्ट्रेलिया में भारत विरोधी खालिस्तान गतिविधियों का मसला पीएम मोदी और अल्बनीज के बीच बातचीत में मजबूती से उठेगा. भारत हाल में ऑस्ट्रेलिया में खालिस्तान के प्रदर्शनों और गतिविधियों पर अपना कड़ा रुख प्रदर्शित करेगा. हाल के वर्षों में ऑस्ट्रेलिया में खालिस्तान की गतिविधियां बढ़ी हैं और भारत के लिए यह चिंता की बात है.
PM Modi Australia Visit LIVE: पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मुलाकात की
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मेलबर्न में मुलाकात की. यह बैठक उनकी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण के दौरान हुई. दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. इससे पहले मेलबर्न पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया. ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा ने ‘मां तुझे सलाम’ की प्रस्तुति दी, जिसकी प्रधानमंत्री ने सराहना करते हुए कहा कि संगीत दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करता है. उन्होंने कहा कि यह ‘वंदे मातरम्’ की वैश्विक लोकप्रियता का भी प्रतीक है, खासकर इसके 150वें वर्ष के अवसर पर.
PM Modi Australia Visit LIVE: पीएम मोदी का ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे का पूरा कार्यक्रम
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में शेड्यूल इस तरह रहेगा -:
भारतीय समय (IST) के अनुसार कार्यक्रम
गुरुवार 9 जुलाई 2026 (मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया)
सुबह 5:15 बजे से 6:30 बजे (IST) : India-Australia CEO Forum एवं Economic Roadmap Business Reception
सुबह 8:30 बजे से 11:20 बजे (IST) : Government House, Victoria में कार्यक्रम एवं प्रेस वक्तव्य
दोपहर 2:25 बजे से 3:30 बजे (IST): भारतीय समुदाय (Indian Community) कार्यक्रम
शुक्रवार 10 जुलाई 2026 (मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया)
सुबह 6:15 बजे से 7:15 बजे (IST): Melbourne Cricket Ground का दौरा
सुबह 9:30 बजे (IST): ऑकलैंड, न्यूजीलैंड के लिए प्रस्थान
ऑकलैंड (न्यूजीलैंड)
दोपहर 1:35 बजे (IST): Auckland International Airport पर आगमन
शनिवार, 11 जुलाई 2026 (ऑकलैंड, न्यूजीलैंड)
सुबह 3:00 बजे से 5:30 बजे (IST): Government House, Auckland में कार्यक्रम
सुबह 5:30 बजे से 8:45 बजे (IST): Viaduct Business Center में खेल एवं बिजनेस कार्यक्रम
दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे (IST): भारतीय समुदाय के साथ कार्यक्रम
दोपहर 2:50 बजे (IST): दिल्ली के लिए प्रस्थान
रविवार 12 जुलाई 2026 सुबह 6:40 बजे (IST) नई दिल्ली आगमन