Aligarh:खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार कर ब्लॉक-तहसील स्तर से होंगी प्रतियोगिताएं – Sports Competitions From Block-tehsil Level


अलीगढ़ जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेल संस्कृति को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला खेल प्रोत्साहन समिति की बैठक में तय किया गया कि अब ब्लॉक और तहसील स्तर से नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा। साथ ही पूरे जिले का वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार कर विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने खेल गतिविधियों को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाने पर जोर देते हुए स्टेडियम में उपलब्ध सभी खेल संसाधनों का विस्तृत आकलन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आयु वर्गवार खिलाड़ियों का पंजीकरण कर अद्यतन डाटा तैयार करने और खेल सुविधाओं की वास्तविक जरूरतों का व्यापक प्रस्ताव बनाने को कहा, ताकि भविष्य की योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा सकें। डीएम ने निर्देश दिए कि बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, नेहरू युवा केंद्र और युवा कल्याण विभाग के समन्वय से वर्षभर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। उनका कहना था कि इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को समान अवसर मिलेगा और जिले में खेलों का मजबूत आधार तैयार होगा।

बैठक में विभिन्न खेल संघों और खेल विशेषज्ञों के साथ नियमित संवाद बढ़ाने, खेल संघों का दायरा विस्तारित करने, प्रशिक्षकों की जरूरतों का आकलन करने तथा खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। स्टेडियम में मानदेय पर कार्यरत प्रशिक्षकों के नवीनीकरण, नए प्रशिक्षकों की तैनाती, खेल उपकरणों की उपलब्धता और जिला खेल प्रोत्साहन समिति की आय बढ़ाने के लिए नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता राज ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति, स्टेडियम संचालन, खिलाड़ियों के पंजीकरण, आय-व्यय और खेल गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार, एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव, एसपी सिटी आदित्य बंसल, सीएमओ डॉ. आर.एन. सिंह, डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह, बीएसए आलोक कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, खेल संघों के प्रतिनिधि और प्रशिक्षक मौजूद रहे।



Leave a Comment