हिमाचल पुलिस में कांस्टेबल पदों पर भर्ती (ETV Bharat FILE)
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पुलिस की वर्दी पहनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पुलिस विभाग में 734 कांस्टेबल पदों पर भर्ती का बहुप्रतीक्षित विज्ञापन जारी कर दिया है. खास बात यह है कि इस भर्ती के जरिए 491 पुरुष कांस्टेबल और 243 महिला कांस्टेबल के पद भरे जाएंगे.
आयोग ने आवेदन प्रक्रिया की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है, जिसके तहत 10 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे. जबकि 6 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. इसके बाद आवेदन का लिंक स्वतः बंद हो जाएगा और किसी भी अभ्यर्थी को मौका नहीं मिलेगा. प्रदेशभर के युवा लंबे समय से पुलिस विभाग में नई भर्ती का इंतजार कर रहे थे. ऐसे में अब भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से हजारों युवाओं के के पास सुनहरा अवसर है.
केवल ऑनलाइन आवेदन होंगे स्वीकार
आयोग ने स्पष्ट किया आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे. डाक, ई-मेल या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन सीधे खारिज कर दिए जाएंगे. इतना ही नहीं, एक बार आवेदन पत्र अंतिम रूप से जमा होने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का संशोधन करने की अनुमति नहीं होगी. इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय हर जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करने की सलाह दी गई है.
भर्ती विज्ञापन के अनुसार पुरुष कांस्टेबल के 491 पदों में सामान्य, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), बीपीएल, होमगार्ड और स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों सहित विभिन्न आरक्षित श्रेणियों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं. इसी प्रकार महिला कांस्टेबल के 243 पदों में भी सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, होमगार्ड, पूर्व सैनिकों के आश्रित, बीपीएल और वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर्स श्रेणियों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है.
ये भी पढ़ें: OPS पर हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला, इन हजारों कर्मचारियों को मिलेगी राहत