एक वोट से पलटा खेल, मुंगला देवी अध्यक्ष, हेमलता उपाध्यक्ष


पंचायत समिति निरमंड में बुधवार को सियासी घमासान के बाद महिला राज की शुरुआत हो गई। 15 सदस्यीय पंचायत समिति के चुनाव में पुरुषों को मात देकर दोनों अहम कुर्सियों पर महिलाओं ने कब्जा जमा लिया। यह पहला ऐतिहासिक मौका है जब बीडीसी के दोनों अहम पद महिलाओं ने हथियाए। पीठासीन अधिकारी एवं एसडीएम निरमंड जगदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिली। भाजपा समर्थित त्वार वार्ड की बीडीसी सदस्य मुंगला देवी को 8 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित राहणु वार्ड की सुनीता देवी को 7 वोट। बस एक वोट के अंतर से मुंगला देवी ने बाजी मार ली और पंचायत समिति की नई अध्यक्षा बन गईं। उपाध्यक्ष पद पर भी कमल खिला। अर्सू वार्ड की भाजपा समर्थित बीडीसी सदस्य हेमलता ने कांग्रेस के धर्मपाल को 9-6 से हराकर उपाध्यक्षा की कुर्सी पर कब्जा किया।

बस स्टैंड पर जश्न, लगीं नाटियां

नतीजे आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। विजेता समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और निरमंड बस स्टैंड निरमंड पर पटाखे फोड़कर व नाटी डालकर जीत का जश्न मनाया।

भाजपा बोली – जनता के विश्वास की जीत

भाजपा मंडल अध्यक्ष नरोतम ठाकुर ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे का नतीजा है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के चायल-ब्रौ वार्ड और नगर पंचायत निरमंड के बाद अब पंचायत समिति में भी भाजपा ने अपना परचम लहराया है। इस मौके पर पूर्व एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल स्पीति के चेयरमैन अमर ठाकुर, मंडल महामंत्री विदेश निगम, जिला परिषद सदस्य पिंकी देवी, नीना जोशी सहित कई प्रधान, उपप्रधान और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब सबकी निगाहें नई अध्यक्षा और उपाध्यक्षा पर हैं कि निरमंड के विकास की गाड़ी को वे किस रफ्तार से आगे ले जाती हैं।



Leave a Comment