From The Shortage Of Doctors To The Need For A Sports Ground, Issues Concerning Namhol Ward Have Reached The Governor. – Bilaspur News


जिला परिषद सदस्य सुरभि ठाकुर ने मांगों को लेकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। जिला परिषद वार्ड नम्होल की सदस्य सुरभि ठाकुर ने अपने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल कवींद्र गुप्ता को ज्ञापन सौंप कर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित इन समस्याओं के कारण क्षेत्र की 13 पंचायतों के हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्यपाल से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आग्रह किया।

सुरभि ठाकुर ने बताया कि नम्होल और मलोखर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन डॉक्टर न होने के कारण मरीजों को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर या अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों को करीब 50 किलोमीटर दूर उपचार के लिए ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार समय पर इलाज नहीं मिल पाता। उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित चिकित्सकों की तैनाती करने की मांग उठाई। कृषि से संबंधित मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मक्की की फसल के लिए इस समय किसानों को यूरिया खाद की आवश्यकता है, लेकिन नई वितरण व्यवस्था के कारण समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। कई किसानों को उर्वरक लेने के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध कराने के साथ-साथ जैविक खेती को बढ़ावा देने, वर्मी कंपोस्ट और अन्य जैविक उर्वरकों पर सब्सिडी देने तथा डेयरी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा।

युवाओं के हितों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नम्होल वार्ड की अधिकांश आबादी युवा है, लेकिन क्षेत्र में खेल मैदानों का अभाव है। खेल सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल रहा। उन्होंने क्षेत्र में तीन खेल मैदान विकसित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रहेंगे। उन्होंने नम्होल चौक और मलोखर चौक पर हाईमास्ट फ्लड लाइटें लगाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि दोनों स्थान क्षेत्र के प्रमुख बाजार और यातायात केंद्र हैं। बरसात के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने पर यहां पूरी तरह अंधेरा छा जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में दोनों चौकों पर हाईमास्ट फ्लड लाइटें लगाना आवश्यक है। सुरभि ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य, कृषि, खेल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े ये सभी मुद्दे सीधे तौर पर आम लोगों के जीवन से जुड़े हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से संबंधित विभाग इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाएंगे, जिससे नम्होल वार्ड की जनता को राहत मिल सके।



Leave a Comment