गाजियाबाद में बारिश बनी जानलेवा: इंदिरापुरम में ट्रांसफॉर्मर के पास पानी में उतरा करंट, MP के युवक की मौत – indirapuram waterlogging electrocution death rain incident
Ghaziabad Rain News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित ज्ञानखंड-1 में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव से पानी में करंट उतर गया, जिसके कारण मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी 25 वर्षीय बबलू उर्फ नरेंद्र की मौत हो गई।
सांकेतिक तस्वीर (AI Image)
गाजियाबाद: लगातार हो रही बारिश के बीच गाजियाबाद के इंदिरापुरम में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के बाद हुए जलभराव के कारण पार्क के पास पानी में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक बबलू उर्फ नरेंद्र की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पार्क में जलभराव के बीच हुआ हादसा
घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के ज्ञानखंड-1 स्थित पार्क नंबर-1 की है। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण पार्क के आसपास पानी भर गया था। इसी दौरान वहां मौजूद बबलू उर्फ नरेंद्र करंट की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों द्वारा अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मध्य प्रदेश का रहने वाला था मृतक
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक बबलू उर्फ नरेंद्र मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ा महवा अंजनौर गांव का निवासी था। वह गाजियाबाद के ज्ञानखंड स्थित एक सोसायटी में साफ-सफाई का कार्य करता था।
ट्रांसफॉर्मर के पास खड़ा था युवक
पुलिस के अनुसार, आज दोपहर बबलू पार्क नंबर-1 के पास स्थित एक ट्रांसफॉर्मर के नीचे खड़ा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जलभराव के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। पुलिस का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पानी में करंट आने की वजह क्या थी और किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।
लेखक के बारे मेंदेवेश पांडेयदेवेश पांडेय नवभारतटाइम्स ऑनलाइन में कार्यरत हैं। वे एनबीटी की उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल टीम के सदस्य हैं। देवेश के पास डिजिटल, वेब और ब्रॉडकास्ट पत्रकारिता का 9 साल का व्यापक अनुभव है। उन्होंने मई 2025 में नवभारत टाइम्स ऑनलाइन ज्वॉइन किया था। इससे पहले वे इंडिया न्यूज, भारत समाचार, न्यूज वन इंडिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों सहित कई डिजिटल चैनल में विभिन्न भूमिकाओं में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
देवेश की प्राथमिकता उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीतिक, क्राइम और प्रशासनिक खबरों का सटीक और विश्वसनीय विश्लेषण पाठकों तक पहुंचाना है। उन्हें यूपी-उत्तराखंड के तमाम शहरों के ऐतिहासिक महत्व, अपराध की साइड स्टोरी और जनहित से जुड़ी शासन-प्रशासन की खबरें लिखने में रुचि है।
उत्तर प्रदेश की क्राइम, राजनीति, गवर्नेंस, खेल, पब्लिक हेल्थ और नागरिक अधिकारों से जुड़ी खबरो को लिखना। इसके साथ ही देवेश खेल की खबरों को लेकर भी अपनी काफी रुचि रखते हैं।
देवेश पांडेय ने लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। देवेश डिजिटल, वेब और ब्रॉडकास्ट मीडिया में 9 साल काम करने का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ने 2016 के आखिर में यूपीटीवी लिमिटेड (भारत समाचार) के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां यूपी-उत्तराखंड में हुए 2017 विधानसभा चुनाव को डेस्क से महत्वपूर्ण खबरों और राजनीतिक घटनाक्रमों के साथ कवर किया। इसके बाद न्यूज वन इंडिया में असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए 2019 में हुए लोकसभा चुनाव को कवर किया। इसके बाद 2022 में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनावों को इंडिया न्यूज सहित डिजिट चैनल्स में रहते हुए कवर किया।… और पढ़ें