बागपत। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सोमवार को जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने पत्रकार वार्ता करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न सरकारी भर्तियों में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) आरक्षण के नियमों का उल्लंघन कर घोटाला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुई कई भर्तियों में आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि शिक्षक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, नेत्र परीक्षण अधिकारी भर्ती, पुलिस कांस्टेबल भर्ती, लेखपाल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भर्ती, चिकित्सा अधिकारी (आयुर्वेद) भर्ती और चिकित्सा अधिकारी (होम्योपैथी) भर्ती सहित कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया के दौरान घोटाला किया गया है।
इन सभी भर्तियों की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष की बेटी पर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी और आपत्तिजनक पोस्ट पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और ऐसा दुस्साहस करने वालों को कठोर सजा मिलनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत से समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। पत्रकार वार्ता में सपा प्रदेश सचिव संजीव त्यागी, बिल्लू प्रधान, रवि बैसला सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।