जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा के सेक्टर-123 में अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के निर्माण के लिए नोएडा प्राधिकरण ने रि-टेंडर जारी किया है। इस प्रक्रिया में एजेंसियों को आवेदन के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है।
उम्मीद है कि इस बार कुछ एजेंसियों के आवेदन प्राप्त होंगे, जिससे अगले महीने टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकेगा और निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सकेगा।
पहले चरण की निर्माण लागत 71 करोड़ निर्धारित
वर्क सर्किल दो के वरिष्ठ प्रबंधक कपिल देव सिंह ने बताया कि खेल परिसर के पहले चरण की निर्माण लागत 71 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इस स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक, जेवलिन थ्रो का ग्राउंड, स्विमिंग पूल और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।
इसके अतिरिक्त, फुटबाल ग्राउंड और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी। एक मल्टीपर्पज हाल का निर्माण भी किया जाएगा। कुल 26.65 एकड़ भूमि पर यह खेल परिसर और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
एजेंसी को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
इस परियोजना की कुल लागत लगभग 145 करोड़ रुपये होगी, जिसमें पहले चरण के लिए 71 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। दूसरे चरण का कार्य बाद में किया जाएगा। परिसर के निर्माण के बाद इसके संचालन के लिए किसी एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस नए खेल परिसर से आसपास के सेक्टरों और खिलाड़ियों को विशेष लाभ होगा।
खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करेगा
नोएडा में वर्तमान में सेक्टर-21 ए स्टेडियम है, जहां सुविधाएं तो हैं, लेकिन भीड़ के कारण खिलाड़ियों को स्थान नहीं मिल पाता। नया खेल परिसर उभरते खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करेगा। सेक्टर-122, पर्थला, सेक्टर-119, 120, सेक्टर-121, सर्फाबाद और ग्रेनो वेस्ट के निवासियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि यह परिसर इन क्षेत्रों के केंद्र में स्थित होगा।
खेल परिसर में इंडोर खेल सुविधाओं में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती और स्क्वाश शामिल हैं। आउटडोर में क्रिकेट ग्राउंड, वालीबाल, कबड्डी, लान्ग टेनिस, खो-खो और जेवलिन थ्रो की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, जिमनास्टिक के लिए लान्ग जंप, हाई जंप और 200 मीटर रेसिंग ट्रैक की व्यवस्था भी की जाएगी।