Indian Railways Jobs, RRB Group D Exam 2026: रेलवे में नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं के लिए इस बार मुकाबला बेहद कड़ा होने वाला है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ग्रुप डी लेवल-1 भर्ती में कुल 22,915 पदों के लिए 53 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है यानी औसतन एक पद के लिए 238 अभ्यर्थी मैदान में हैं सबसे ज्यादा आवेदन करने वाले राज्यों में बिहार भी शामिल है जहां से 10 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने फॉर्म भरे हैं. अब सभी अभ्यर्थियों की नजर अगस्त में होने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) पर टिकी है.
हर सीट पर 238 उम्मीदवारों की होगी टक्कर
रेलवे भर्ती बोर्ड ने ग्रुप डी लेवल-1 के तहत कुल 22,915 रिक्तियां निकाली हैं. इन पदों के लिए 53 लाख से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं. इसका मतलब है कि हर एक पद के लिए औसतन 238 उम्मीदवारों का मुकाबला होगा हालांकि यह संख्या वर्ष 2019 की तुलना में कम है. उस समय रेलवे ग्रुप डी भर्ती के लिए करीब 1.15 करोड़ उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. इसके बावजूद इस बार भी प्रतियोगिता बेहद कठिन रहने वाली है.
बड़ी डिग्री वाले उम्मीदवार भी कर रहे आवेदन
आरआरबी अधिकारियों के अनुसार इस भर्ती में केवल 10वीं या आईटीआई पास अभ्यर्थी ही नहीं, बल्कि ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवारों ने भी बड़ी संख्या में आवेदन किया है.सरकारी नौकरी की बढ़ती मांग और सीमित रिक्तियों के कारण अब उच्च शिक्षित युवा भी ग्रुप डी जैसी नौकरियों के लिए आवेदन कर रहे हैं.इससे प्रतियोगिता और अधिक कठिन हो गई है.
बिहार से 10 लाख से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में
इस भर्ती में बिहार के युवाओं ने बड़ी संख्या में आवेदन किया है.जानकारी के अनुसार 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी बिहार से ही ग्रुप डी परीक्षा देंगे.रेलवे भर्ती बोर्ड के अलग-अलग जोन में बिहार के उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक मानी जा रही है.
3 अगस्त से शुरू होगी परीक्षा
रेलवे भर्ती बोर्ड ने ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का संभावित कार्यक्रम जारी कर दिया है.कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT)का आयोजन 3 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक किया जाएगा.परीक्षा से करीब 10 दिन पहले उम्मीदवार अपनी परीक्षा तिथि, परीक्षा शहर और रोल नंबर की जानकारी आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे.
परीक्षा केंद्र में आधार सत्यापन होगा अनिवार्य
इस बार रेलवे भर्ती बोर्ड ने परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए आधार लिंक्ड बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है.परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा.इसके लिए उम्मीदवारों को अपने साथ मूल आधार कार्ड या ई-आधार का प्रिंट आउट लेकर जाना होगा.
किस पद पर कितनी भर्ती होगी?
ग्रुप डी भर्ती के तहत सबसे ज्यादा नियुक्तियां ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-4 के पदों पर होंगी.इसमें ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-4 के 11,032 पद,प्वाइंट्समैन बी के 5,053 पद,असिस्टेंट सिग्नल एंड टेलीकॉम के 1,509 पद और अन्य विभागों में भी कई पदों पर भर्ती होगी.वहीं आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत 1,183 पद भरे जाएंगे जिनमें लगभग 600 पद ट्रैक मेंटेनर के हैं.
कैसे होगा सेलेक्शन?
रेलवे ग्रुप डी भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई स्टेप्स में होगा.सबसे पहले उम्मीदवारों को सिंगल स्टेज कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT)देना होगा.CBT में सफल उम्मीदवारों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET)के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन,मेडिकल टेस्ट पूरा होने के बाद अंतिम चयन किया जाएगा.
CBT परीक्षा का पैटर्न
रेलवे भर्ती बोर्ड ने इस बार परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया है.CBT परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी और इसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे.इसमें गणित के 25 प्रश्न,सामान्य विज्ञान के 25 प्रश्न,जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग के 30 प्रश्न,जनरल अवेयरनेस एवं करेंट अफेयर्स के 20 प्रश्न शामिल होंगे.
नेगेटिव मार्किंग भी होगी
इस परीक्षा में गलत उत्तर देने पर अंक काटे जाएंगे.हर गलत उत्तर के लिए एक चौथाई (0.25) अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी इसलिए उम्मीदवारों को केवल उन्हीं प्रश्नों के उत्तर देने चाहिए जिनके बारे में वे पूरी तरह आश्वस्त हों.
न्यूनतम पासिंग मार्क्स
CBT में सफल होने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं.सामान्य (UR) के लिए और ईडब्ल्यूएस के लिए 40%/ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर)/एससी/एसटी के लिए 30% न्यूनतम पासिंग मार्क्स जरूरी है हालांकि केवल न्यूनतम अंक हासिल कर लेना ही पर्याप्त नहीं होगा.अंतिम मेरिट कटऑफ के आधार पर तय होगी.
मार्क्स का होगा नॉर्मलाइजेशन
रेलवे भर्ती बोर्ड अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा आयोजित करेगा. इसलिए सभी उम्मीदवारों के अंकों को बराबरी पर लाने के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाई जाएगी.नॉर्मलाइजेशन के बाद तैयार मेरिट के आधार पर कुल रिक्तियों के तीन गुना उम्मीदवारों को फिजिकल टेस्ट (PET)के लिए बुलाया जाएगा.
तैयारी में न करें कोई लापरवाही
53 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों के बीच मुकाबला आसान नहीं होगा. ऐसे में उम्मीदवारों को गणित, रीजनिंग, सामान्य विज्ञान और करेंट अफेयर्स पर विशेष ध्यान देना चाहिए. साथ ही मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास भी सफलता की संभावना बढ़ा सकता है.इस बार कम सीटों और ज्यादा आवेदनों के कारण रेलवे ग्रुप डी भर्ती देश की सबसे बड़ी और सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक बनने जा रही है इसलिए जो उम्मीदवार सरकारी नौकरी का सपना पूरा करना चाहते हैं उन्हें अभी से पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा.