मंडलीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता भेलूपुर के सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में हुई। इसमें वाराणसी मंडल की चार टीमों को खेलना था लेकिन तीन टीमें जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली की टीम नहीं आने से वाराणसी जिले की तीनों टीमों ने वॉकओवर लेकर प्रादेशिक के लिए क्वालिफाई कर लिया।
भारत की सबसे प्रतिष्ठित स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता का 65वां संस्करण खेला जा रहा है। यह प्रतियोगिता भारत के पहले वायु सेनाध्यक्ष सुब्रतो मुखर्जी की याद में खेली जाती है। बृहस्पतिवार को मंडलीय प्रतियोगिता में खेलने एक भी टीम मैदान पर नहीं उतरी। वाराणसी मंडल में शामिल जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर और वाराणसी में यूपी बोर्ड के 1000 से ज्यादा स्कूल कॉलेज हैं फिर भी एक भी टीम का न खेलना आयोजकों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
जेडी माध्यमिक दिनेश सिंह ने बताया कि खराब मौसम की वजह से टीमें नहीं पहुंची होंगी, इसकी जानकारी ली जाएगी। बताया कि 11 से 13 जुलाई तक आजमगढ़ में सुब्रतो कप का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी। इसमें जिले की बालक वर्ग में अंडर 17 में विकास इंटर कॉलेज और बालिका वर्ग में जवाहर आदर्श इंटर कॉलेज और सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज की टीमें खेलेंगी। मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अनुराग मिश्र, उप प्रधानाचार्य राम अवध यादव, सर्वेश कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह, उपेंद्र सिंह मौजूद रहे।