जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पीडब्ल्यूडी व डीडीए यमुनापार में पार्किंग माफिया पर मेहरबान है। कहने को दोनों ही सरकारी विभाग हैं, लेकिन आरोप है कि कुछ अधिकारियों ने अपने ही विभागों की करोड़ों रुपयों की जमीनों पर कब्जा करवाया हुआ है। एसी कमरों में बैठकर मोटा वेतन लेने वाले यह अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं। आरोप है इन अधिकारियों के साथ सांठगांठ करके माफिया जमीनों पर कब्जे का खेल कर रहे हैं।
अधिकारियों की मिलीभगत से कब्जे
शास्त्री पार्क, उस्मानपुर में डीडीए की जमीन व खजूरी फ्लाईओवर के नीचे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर माफिया ने कब्जा किया हुआ है। इन सरकारी जमीनों से कब्जा करके माफिया लाखों रुपये वसूल रहे हैं। बिजली चोरी भी हो रही है।
आरोप है कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से यह कब्जे हैं। पीडब्ल्यूडी फ्लाईओवर के नीचे का हिस्सा पीडब्ल्यूडी के जेई हेमंत कुमार के पास है। उनका कार्यालय खजूरी फ्लाईओवर से करीब दो किलोमीटर दूर है।
पीडब्ल्यूडी मुख्यालय जवाब देगा
जागरण संवाददाता ने जेई से उनके कार्यालय जाकर पूछा कि फ्लाईओवर के नीचे अवैध पार्किंग चल रही है। क्या विभाग को इसकी भनक नहीं है। इसपर जेई ने कहा पार्किंग हटवाने के लिए गत 27 मार्च को करावल नगर एसडीएम को पत्र लिखा था। जिले के सबसे बड़े अधिकारी कार्यपालक अभियन्ता भाग चंद मीना ने कहा कि इसपर पीडब्ल्यूडी मुख्यालय जवाब देगा।
डीडीए के अधिकारी कार्रवाई को तैयार नहीं
न्यू उस्मानपुर थाने के पास डीडीए की जमीन व सड़कों पर पार्किंग माफिया का कब्जा है। कब्जा करके अवैध पार्किंग का खेल चल रहा है। आरोप है कि अवैध रूप से स्थान सिर्फ पंजाब रोडवेज को दिया हुआ है। पंजाब रोडवेज की बसें कश्मीरी गेट बस अड्डे की जगह इस पार्किंग में खड़ी होती हैं। वहीं निगम की पार्किंग में ठेकेदारों ने टीन शेड डाले हुए हैं, जो कानूनी गलत है। टीन शेड में वाहन खड़े करने वालों से तय शुल्क से अधिक शुल्क वसूला जाता है।