SSC ASO LDCE Vacancy 2026: कर्मचारी चयन आयोग ने ASO/असिस्टेंट ग्रेड विभागीय परीक्षा 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दी है। योग्य कर्मचारी 16 जुलाई तक आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
SSC ASO LDCE Notification 2026: केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे सरकारी कर्मचारियों के लिए करियर में आगे बढ़ने और ऊंची रैंक हासिल करने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) / असिस्टेंट ग्रेड लिमिटेड डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन (LDCE 2026) के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दी है। इस विभागीय परीक्षा के माध्यम से कुल 341 रिक्त पदों पर योग्य कर्मचारियों को प्रमोशन दिया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो पूरी तरह से आयोग के नए आधिकारिक पोर्टल पर https://ssc.gov.in/ पर रही है।
किस विभाग में कितनी मिलेंगी सीटें?
आयोग द्वारा जारी किए गए विवरण के अनुसार, ये वैकेंसियां केंद्र सरकार के दो कैडर्स के लिए निकाली गई हैं-
सेंट्रल सचिवालय सेवा (CSS): इस विभाग के तहत सबसे अधिक 318 पद (सामान्य वर्ग: 189, एससी: 71, एसटी: 58, PwBD: 19) दिए गए हैं।
विदेश मंत्रालय (MEA): इसमें असिस्टेंट ग्रेड के लिए कुल 23 पद रखे गए हैं, जो सभी सामान्य श्रेणी (UR) के लिए हैं।
क्या है योग्यता और जरूरी शर्तें?
यह एक लिमिटेड डिपार्टमेंटल परीक्षा (LDCE) है, इसलिए इसमें आम छात्र या बाहरी उम्मीदवार भाग नहीं ले सकते। इसमें केवल वही कर्मचारी शामिल हो सकते हैं जो पहले से सरकारी सेवा में हैं:
सर्विस क्राइटेरिया: उम्मीदवार केंद्र सरकार के संबंधित कैडर में अपर डिवीजन क्लर्क (UDC) / सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (SSA) के पद पर कार्यरत होना चाहिए।
न्यूनतम अनुभव: 1 जुलाई 2025 के आधार पर कर्मचारी ने कम से कम 6 वर्ष की नियमित और स्वीकृत सेवा पूरी कर ली हो। विदेश मंत्रालय के कर्मचारियों के लिए अनिवार्य विभागीय प्रशिक्षण को पूरा करना भी आवश्यक है।
नोट कर लें परीक्षा से जुड़ी जरूरी तारीखें
ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत: 25 जून 2026
ऑनलाइन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख: 16 जुलाई 2026 (रात 11:00 बजे तक)
विभाग के माध्यम से हार्ड कॉपी भेजने की अंतिम तिथि: 23 जुलाई 2026
दूरदराज के क्षेत्रों (जैसे अंडमान, लक्षद्वीप) के लिए हार्ड कॉपी की लास्ट डेट: 30 जुलाई 2026
कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT): अगस्त 2026 (संभावित)
सैलरी स्ट्रक्चर और चयन प्रक्रिया
इस परीक्षा के जरिए प्रमोट होने वाले कर्मचारियों को पे-मैट्रिक्स लेवल-7 (₹44,900 से ₹1,42,400) का शानदार वेतनमान मिलेगा, जो कि ग्रुप ‘बी’ लेवल का पद है। इसके साथ ही उन्हें केंद्र सरकार के सभी भत्ते और सुविधाएं मिलेंगी।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह दो चरणों में होगी। पहले चरण में 300 अंकों की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) होगी, जिसमें प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंकों की नेगेटिव मार्किंग होगी। दूसरे चरण में 100 अंकों का सर्विस रिकॉर्ड और एपीएआर (APAR) इवैल्युएशन किया जाएगा। कुल 400 अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार होगी।
इस परीक्षा का आयोजन केवल दिल्ली-एनसीआर के परीक्षा केंद्रों पर ही किया जाएगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को एसएससी के नए पोर्टल ssc.gov.in पर जाकर सबसे पहले वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा, क्योंकि पुराना OTR अब मान्य नहीं है। फॉर्म भरने के बाद उसकी प्रिंटेड कॉपी को अपने विभागाध्यक्ष से वेरिफाइड कराकर एसएससी उत्तरी क्षेत्र के नई दिल्ली कार्यालय में भेजना अनिवार्य है।