6 मैच बाद ही कप्तानी पर सवाल, श्रेयस अय्यर का अब क्या होगा? दिग्गज ने कहा- आईपीएल वाला जलवा नहीं दिख रहा – saba karim quetions shreyas iyer for his captaincy in international cricket after back to back series defeats


भारतीय क्रिकेट टीम को एक के बाद एक दो सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। जिसके बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर सवाल उठ रहे हैं।

shreyas iyer (1)
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर उठे सवाल
नई दिल्ली: भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सबा करीम का मानना है कि श्रेयस अय्यर के लिए आईपीएल में दिखाई गई अपनी रणनीतिक क्षमता को राष्ट्रीय टीम के लिए भी साबित करने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नेतृत्व क्षमता की स्पष्ट छाप छोड़ने का समय आ गया है। टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद सूर्यकुमार यादव से कप्तानी संभालने वाले अय्यर की अगुआई में भारत को अब तक सफलता नहीं मिली है। टीम आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से हार गई और इसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध पहले मुकाबले के बारिश में धुल जाने के बाद लगातार तीन टी20 मैच गंवाकर पांच मैचों की सीरीज में 0-3 से पिछड़ गई।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर सवाल

करीम ने कहा, ‘मुझे लगता है कि अब अय्यर को कप्तान के तौर पर खुद को स्थापित करना होगा। आईपीएल में उनकी जिस रणनीतिक कप्तानी की झलक देखने को मिली थी, वह अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नजर नहीं आई है।’ उन्होंने बल्लेबाजी क्रम पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘जब अय्यर खुद मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर रहे थे, तब शिवम दुबे को पांचवें नंबर पर भेजने का फैसला समझ से परे था। आईपीएल में हम जिस अय्यर को जानते हैं, वह ऐसा फैसला शायद नहीं लेते।’

उन्होंने हालांकि अय्यर की बल्लेबाजी की सराहना करते हुए कहा, ‘उनका रन बनाना टीम के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू है। जब कप्तान खुद अच्छी बल्लेबाजी करता है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और कप्तानी भी बेहतर हो जाती है। उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में यह देखने को मिलेगा।’

संजू सैमसन को मिडल ऑर्डर में किया जाए ट्राए

करीम ने पांचवें टी20 मुकाबले के लिए भारतीय टीम में बदलाव की वकालत करते हुए कहा कि मध्यक्रम में एक अनुभवी दाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत है और फिलहाल संजू सैमसन सबसे उपयुक्त विकल्प हैं। उन्होंने कहा, ‘लगातार बाएं हाथ के बल्लेबाजों की कड़ी को तोड़ने के लिए एक अनुभवी दाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत है और संजू सैमसन से बेहतर विकल्प कोई नहीं है। टीम प्रबंधन अगर तिलक वर्मा को बरकरार रखता है तो शिवम दुबे की जगह संजू सैमसन को शामिल किया जाना चाहिए। इससे बल्लेबाजी क्रम और अधिक मजबूत होगा।’

शेडगे को सुंदर की जगह किया जाए शामिल

उन्होंने इसके साथ ही सूर्यांश शेडगे को वाशिंगटन सुंदर की जगह प्लेइंग 11 में शामिल करने की वकालत करते हुए कहा, ‘वह मध्यम गति से दो-तीन ओवर गेंदबाजी करते हुए छठे गेंदबाज की भूमिका को निभा सकता है।’ करीम ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी आईपीएल की सपाट पिचों और छोटी बाउंड्री की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाए हैं।

दीपेश शर्मा

लेखक के बारे मेंदीपेश शर्मा दीपेश शर्मा वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में सीनियर डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2021 में ‘ज़ी न्यूज़’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे जनवरी 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 4.5 साल का अनुभव है। पत्रकारिता में सक्रिय होने से पहले दीपेश कई खेलों में स्टेट लेवल के खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने बैडमिंटन और ताइक्वांडो में स्टेट लेवल तक प्रतियोगिताओं में भाग लिया है।

विशेषज्ञता: दीपेश शर्मा खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, बैडमिंटन, रेसलिंग, एथलेटिक्स, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से हरियाणा के पलवल के रहने वाले दीपेश ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर में स्नातक किया। उन्होंने साल 2021 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।और पढ़ें