जागरण संवाददाता, मेरठ। सरकारी नौकरी में जाने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आने वाला है। अगले चार महीनों के भीतर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, उप्र लोक सेवा आयोग समेत कई विभागों में 12 भर्ती परीक्षा और पहले से चली रही 20 भर्तियों के साक्षात्कार कराकर युवाओं को नौकरियां प्रदान की जाएंगी।
इसके साथ ही शासन ने स्थानीय प्रशासन से असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों के संबंध में अधियाचन भी मांगा है ताकि जल्द ही विज्ञापन जारी किया जा सके।
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी भर्ती आयोग और बोर्ड चेयरमैन की लखनऊ में बैठक ली थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी आयोगों से तत्काल भर्ती प्रकिया पूर्ण कराने के कड़े निर्देश दिए थे। सीएम के सख्त रूख के बाद उप्र शिक्षा आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग में स्थानीय स्तर पर असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों के आंकड़े जुटाने शुरू कर दिए गए हैं। इस संबंध में आयोग ने जिला स्तर पर अधियाचन मांगा है।
रिक्त पदों का डाटा जुटाया जा रहा
उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से मेरठ और सहारनपुर मंडल के डिग्री कालेजों में रिक्त पदों का डाटा जुटाया जा रहा है। उधर, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 27 सितंबर, 2026 तक होने वाली विभिन्न परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया है। इसके अनुसार चार महीने में 12 भर्ती परीक्षा और कई विभागों की 20 भर्तियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
इस साल जनवरी में स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला), आशुलिपिक (स्टेनोग्राफर) और फरवरी में कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा हुई थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अब साक्षात्कार शुरू हो रहे हैं। 15 से 20 जून तक वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक तथा प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा भी होगी।
इसी सप्ताह भेजा जाएगा डाटा
उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार शासन के आदेशों के तहत मेरठ और सहारनपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों की संख्या के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। इसी सप्ताह डाटा अपडेट करके शासन को भेज दिया जाएगा।
इन पदों के लिए होंगी परीक्षाएं
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से सितंबर 2026 तक कई पदों के लिए मुख्य परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी की गई हैं। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड संयुक्त संवर्ग, बीसीजी टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी, सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा, प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी, आबकारी सिपाही, वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक पदों के लिए मुख्य परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।