थार में रस्सी बांधी, ATM उखाड़ा और सड़क पर घसीट ले गए… रात के अंधेरे में चोरों का खेल CCTV में कैद – odisha balasore atm robbery thieves dragged atm with thar cctv video lcla


ओडिशा के बालासोर जिले में शनिवार तड़के एटीएम लूट की वारदात सामने आई है. इस घटना ने पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया. यहां चोरों ने एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश नहीं की, बल्कि पूरा एटीएम ही उखाड़कर ले गए. सुनसान जगह पर जाकर मशीन को तोड़कर कैश निकाला और फरार हो गए.

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार तड़के करीब 2 बजे खैरा थाना क्षेत्र के तुदीगड़िया बाजार की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पांच से ज्यादा बदमाश काले रंग की महिंद्रा थार में पहुंचे. पहले उन्होंने एटीएम कियोस्क का दरवाजा तोड़ा और फिर रस्सी की मदद से पूरी एटीएम मशीन को थार से बांध दिया.

यहां देखें Video

इसके बाद ऐसा नजारा देखने को मिला, जो आमतौर पर फिल्मों में दिखाई देता है. बदमाशों ने थार आगे बढ़ाई और एटीएम मशीन अपनी जगह से उखड़ गई. फिर उसे सड़क पर घसीटते हुए काफी दूर एक सुनसान जगह तक ले जाया गया. वहां मशीन को तोड़ा गया, उसके अंदर रखा कैश निकाला गया और आरोपी मौके से फरार हो गए. बाद में टूटी हुई एटीएम मशीन सड़क किनारे छोड़ दी गई.

यह भी पढ़ें: एटीएम में कैश भरने पहुंची थी टीम, गार्ड पानी लेने चला गया, तभी वैन का ड्राइवर 60 लाख लेकर भाग गया

यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में कथित तौर पर एटीएम मशीन थार के पीछे बंधी हुई सड़क पर घिसटती नजर आ रही है. अब यही वीडियो पुलिस की जांच का सबसे बड़ा सुराग बन गया है.

हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि एटीएम में कितनी नकदी थी और बदमाश कितनी रकम लेकर भागे. पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर मशीन में मौजूद कैश का हिसाब जुटा रही है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में इलाके में चोरी और लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं. लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है.

खैरा थाना पुलिस ने सड़क किनारे छोड़ी गई क्षतिग्रस्त एटीएम मशीन बरामद कर ली है. मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थार और उसमें सवार आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

—- समाप्त —-



Leave a Comment