राम मंदिर में चोरी महापाप, भगवान और कानून दोनों देंगे सजा: खेल मंत्री गौरव गौतम


रोहतक: हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने अयोध्या के राम मंदिर में हुई चोरी की घटना को “महापाप” करार देते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को भगवान भी दंड देंगे और कानून भी नहीं छोड़ेगा. महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में आयोजित अंडर-23 सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खेल मंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि, “राम मंदिर में चोरी करना केवल अपराध नहीं बल्कि महापाप है. ऐसे लोगों को भगवान भी सजा देंगे और कानून भी अपना काम करेगा.”

कांग्रेस पर साधा निशाना:राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए गौरव गौतम ने कहा कि, “कांग्रेस ने वर्षों तक भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए. कांग्रेस भगवान राम को काल्पनिक बताती रही. राम मंदिर निर्माण में सबसे बड़ी बाधा कांग्रेस रही और उसके नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में मंदिर के खिलाफ वकील खड़े किए. इसलिए कांग्रेस को राम मंदिर के बारे में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.कांग्रेस का रवैया हमेशा मंदिर निर्माण के विरोध में रहा.”

रोहतक में खेल मंत्री गौरव गौतम ने राम मंदिर चोरी को महापाप बताया (ETV Bharat)

जींद दौरे को बताया ऐतिहासिक:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर खेल मंत्री ने इसे ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि, “यह दौरा केवल हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण होगा. जींद से देश और दुनिया को बड़ा संदेश मिलेगा. यहां हाइड्रोजन ट्रेन जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन होगा, जो आधुनिक भारत की दिशा तय करने वाला कदम है. यह परियोजना हरियाणा के विकास को नई गति देगी.”

कॉमनवेल्थ गेम्स और खिलाड़ियों पर फोकस:कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों पर खेल मंत्री ने कहा कि, “सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है. खिलाड़ियों की लंबित राशि जारी की जा रही है और प्रदेश के स्टेडियमों की स्थिति में भी सुधार किया जा रहा है. खिलाड़ियों की अटकी हुई राशि जारी की जा रही है. सरकार खेल ढांचे को मजबूत कर रही है ताकि खिलाड़ियों को हर स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें.”

कानून व्यवस्था पर सरकार का रुख:प्रदेश में कानून व्यवस्था और पुलिस एनकाउंटर को लेकर पूछे गए सवाल पर गौरव गौतम ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि, “हरियाणा पुलिस पूरी मजबूती से काम कर रही है. जो अपराधी जिस भाषा में समझेंगे, उन्हें उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा. प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है.”

एमडीयू स्टेडियम में एसी विवाद पर जवाब: एमडीयू में आयोजित अंडर-23 सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम का एसी बंद रहने से खिलाड़ियों और दर्शकों को गर्मी का सामना करना पड़ा, जबकि वीआईपी क्षेत्र में एसी चलने को लेकर सवाल उठे. इस पर खेल मंत्री ने कहा कि, “स्टेडियम में मेंटेनेंस का कार्य चल रहा है. मेंटेनेंस का काम जारी है. अगली बार खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. सरकार खेल अधोसंरचना को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. खिलाड़ियों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.”

ये भी पढ़ें:दुष्यंत चौटाला का भाजपा पर तीखा प्रहार, बोले- “चौधरी देवीलाल ने हरियाणा में BJP को चलना सिखाया”



Leave a Comment