इंग्लैंड ने भारत का किया क्लीनस्वीप… पहली बार टी20 सीरीज जीतकर रचा इतिहास
Last Updated:
England Clean Sweeps India 4-0: इंग्लैंड ने भारत को तीनों डिपार्टमेंट में पछाड़कर पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली. पांचवें और अंतिम मैच में इंग्लैंड ने भारत के सामने 258 रन का विशाल लक्ष्य रखा. भारतीय टीम ने पहाड़नुमा लक्ष्य के सामने घुटने टेक दिए. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही. भारतीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब भारत किसी सीरीज में लगातार चार टी20 मैच हारा हो.
इंग्लैंड नेभारत के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से जीती.
नई दिल्ली. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने बैक टू बैक दो टी20 सीरीज गंवाकर अपने नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया. आयरलैंड में 0-2 से सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज 0-4 से गंवा बैठी. सीरीज के पांचवें और अंतिम टी20 मैच में भारत के सामने 258 रन का मुश्किल लक्ष्य था. बड़े लक्ष्य के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने आसानी से सरेंडर कर दिए. टीम इंडिया 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी. और मैच 56 रन से हार गई. भारत की ओर से ईशान किशन ने 56 वहीं तिलक वर्मा ने 52 न बनाए. श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी में अभी तक एक भी मैच नहीं जीत सके. उन्हें सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था.
इंग्लैंड की ओर से रखे गए 258 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाई. अभिषेक शर्मा 5 गेंदों पर 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद संजू भी 14 गेंदों पर 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट भारत ने 110 के स्कोर पर गंवाया. अय्यर 16 गेंदों पर 28 रन ही बना सके जबकि ईशान किशन 35 गेंदों पर 56 रन बनाक आउट हुए वहीं शिवम दुबे 10 गेंदों पर 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. तिलक वर्मा ने 52 रन का योगदान दिया. सूर्यांश शेडगे ने 7 रन का योगदान दिया.
इंग्लैंड नेभारत के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से जीती.
इंग्लैंड का रिकॉर्ड तोड़ स्कोर और ऐतिहासिक साझेदारी
इससे पहले, जोस बटलर (64 गेंदों पर 131 रन) और कप्तान हैरी ब्रुक (45 गेंदों पर नाबाद 95 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 103 गेंदों में 233 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की. जिससे इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 257 रन का स्कोर खड़ा किया. सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी इंग्लैंड की टीम ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए भारत के खिलाफ इस प्रारूप में अपना सर्वोच्च स्कोर खड़ा किया. इसके साथ ही बटलर और ब्रुक ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की.
आईसीसी रैंकिंग में उलटफेर और बटलर का तूफानी शतक
इस धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत इंग्लैंड आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भारत के 1601 दिनों से चले आ रहे नंबर एक स्थान को भी छीनने की स्थिति में पहुंच गया. ब्रुक ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाते हुए केवल 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि अनुभवी बटलर ने शुरुआत में संयम बरतने के बाद तेजी से रन बटोर कर पुराने दिनों की याद ताजा कर दी. उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अगली 17 गेंदों में शतक तक पहुंच गए. उनकी पारी में 12 चौके और आठ छक्के शामिल रहे. 35 वर्षीय बटलर का यह टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक और सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है.
टॉस का फैसला और भारतीय गेंदबाजों पर इंग्लिश बल्लेबाजों का कब्जा
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन फिल सॉल्ट का विकेट जल्दी मिलने के बाद भारतीय गेंदबाज पूरी तरह बेअसर नजर आए. प्रसिद्ध कृष्णा ने सॉल्ट को डीप फाइन लेग पर कैच कराकर पवेलियन भेजा, लेकिन इसके बाद इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया. बटलर और ब्रुक ने मिलकर 16 छक्के जड़े, जिसमें दोनों के खाते में आठ-आठ छक्के आए. बटलर का प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर फाइन लेग के ऊपर खेला गया पुल शॉट पारी का सबसे आकर्षक स्ट्रोक रहा. इससे पहले उन्होंने कृष्णा को लॉन्ग ऑन के ऊपर भी शानदार छक्का जड़ा.
अक्षर और प्रिंस के ओवरों में हुई रनों की भारी बरसात
ब्रुक ने दूसरे छोर से स्पिनर अक्षर पटेल के खिलाफ बेहतरीन फुटवर्क का प्रदर्शन किया. उन्होंने पारी के 10वें ओवर में आगे बढ़कर लगातार दो छक्के लगाए. अक्षर के उस ओवर में कुल 25 रन बने और यहीं से भारतीय गेंदबाजी पूरी तरह बिखर गई. प्रिंस यादव भी इंग्लैंड के बल्लेबाजों के निशाने पर रहे और उन्होंने चार ओवर में 60 रन लुटाए. तेज गेंदबाजों के खिलाफ ब्रुक ने फुल लेंथ गेंदों पर बेहतरीन तकनीक दिखाई, जबकि छोटी गेंदों पर लेग स्टंप की ओर हटकर एक्स्ट्रा कवर और लॉन्ग ऑफ के ऊपर शानदार शॉट लगाए.
सूर्यांश शेडगे का डेब्यू और मैदान पर दिखे कप्तान अय्यर लाचार
हर्षित राणा के चोट के कारण पूरे शेष दौरे (टी20 और वनडे) से बाहर होने के बाद टीम प्रबंधन ने सूर्यांश शेडगे को मौका दिया. हालांकि, वह तीन ओवर में 39 रन देकर कोई विकेट नहीं ले सके. श्रेयस अय्यर ने शेडगे को तीसरा ओवर भी सौंपा, जिसमें उन्होंने 24 रन खर्च कर दिए. इसके बाद अगले ओवर में प्रिंस यादव की भी जमकर पिटाई हुई और उस ओवर में 21 रन बने. मैच के दौरान ऐसा समय भी आया जब अय्यर बाउंड्री लाइन के पास खड़े मायूस और असहाय नजर आए, जबकि इंग्लैंड के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी हो चुके थे.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें