अमेरिकी सेना ने एक बार फिर ईरान पर हमला किया है। सेंट्रल कमांड ने बताया कि यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट में एक जहाज पर IRGC की फायरिंग के जवाब में की जा रही है। इसके पहले IRGC ने जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा की थी।

ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, IRGC की घोषणा में कहा गया है कि नेवी किसी भी जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की तब तक इजाजत नहीं देगी, जब तक इलाके में अमेरिकी दखलंदाजी बंद नहीं हो जाती। इसके साथ ही IRGC ने चेतावनी दी है कि अगर दुश्मन इस फैसले का इस्तेमाल किसी गलत कदम के लिए बहाने के तौर पर करता है, तो इसका कड़ा जवाब दिया है।
अमेरिका ने ईरान पर किया नया हमला
IRGC की कार्रवाई के जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान पर नया हमला शुरू किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया है कि ईरान पर हमले का नया दौर शुरू किया गया है। यह कार्रवाई IRGC के उस ऐलान के जवाब में की जा रही है, जिसमें कहा गया है कि उसने एक जहाज पर हमला किया है और अगले आदेश तक जलमार्ग को बंद कर दिया है।
IRGC के हमले के बाद जहाज में लगी आग
सेंट्रल कमांड ने X पर पोस्ट में बताया कि ईरान ने खुलेआम एक कंटेनर जहाज M/V गैलेक्सी पर हमला किया। यह जहाज साइप्रस के झंडे के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था। इसने आगे कहा कि जहाज के क्रू का 1 सदस्य लापता है और जहाज अपनी यात्रा जारी रखने में असमर्थ है क्योंकि उसमें आग लग गई है और इंजन रूम को काफी नुकसान पहुंचा है।
सेंट्रल कमांड ने अपने बयान में बताया है कि ये ईरान पर अमेरिकी हमले कमांडर-इन-चीफ यानी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर किए जा रहे हैं। बयान में कहा गया कि कमर्शियल जहाजों पर पहले हुए हमलों के बाद ईरान को MoU का पालन करने का एक और मौका दिया गया था, लेकिन वह फिर से नाकाम रहा। सेंट्रल कमांड ने कहा कि यह हमला ईरान की उस क्षमता को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है, जिसके जरिए वह जलडमरूमध्य से स्वतंत्र रूप से गुजरने वाले नागरिक नाविकों और व्यवसायिक जहाजों पर हमला करता है।
