नई दिल्ली (How to Find Job in Dubai). चमकती गगनचुंबी इमारतें, आलीशान लाइफस्टाइल और सबसे बढ़कर टैक्स-फ्री सैलरी- दुबई की यही खासियतें दुनियाभर के प्रोफेशनल्स को अट्रैक्ट करती हैं. भारत के लाखों युवा दुबई में नौकरी का सपना देखते हैं. वहां न केवल मेहनत का पूरा पैसा (बिना किसी इनकम टैक्स के) मिलता है, बल्कि ग्लोबल वर्क एनवायरमेंट भी मिलता है. इससे करियर की बुलंदियों पर पहुंचना आसान हो जाता है. लेकिन क्या दुबई में नौकरी पाना आसान है?
How to Find Job in Dubai दुबई में हाई सैलरी जॉब्स की भरमार है फोटो सोर्स Unsplash
अक्सर लोग बिना पूरी जानकारी के एजेंट्स के चक्कर में फंस जाते हैं या गलत तरीके से अप्लाई करके अपना समय बर्बाद करते हैं. अगर आपको सही तरीका, सही फील्ड्स और वहां के नियमों का पता हो तो आप घर बैठे भी दुबई में बेहतरीन नौकरी सिक्योर कर सकते हैं. मौजूदा दौर में दुबई का जॉब मार्केट काफी बदल चुका है. वहां टेक और मैनेजमेंट के क्षेत्र में ढेरों नए मौके आ रहे हैं. अगर आप भी दुबई में नौकरी करना चाहते हैं तो यह करियर गाइड आपके काफी काम आ सकती है.
दुबई में कहां नौकरी करें?
दुबई का जॉब मार्केट हमेशा नए टैलेंट का स्वागत करता है. इस समय वहां कुछ सेक्टर्स में नौकरियों की सबसे ज्यादा डिमांड है:
- IT और टेक्नोलॉजी: सॉफ्टवेयर डेवलपर, एआई (AI) एक्सपर्ट और साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल की भारी मांग है.
- हेल्थकेयर: डॉक्टर, क्वॉलिफाइड नर्स और मेडिकल कंसल्टेंट के लिए दुबई हमेशा से बड़ा हब रहा है.
- कंस्ट्रक्शन और रियल एस्टेट: सिविल इंजीनियर, आर्किटेक्ट और रियल एस्टेट एजेंट के लिए यहां असीमित मौके हैं.
- टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी: बड़े होटल, रेस्त्रां और एविएशन (एयरलाइंस) सेक्टर में हमेशा स्टाफ की जरूरत रहती है.
- फाइनेंस और बैंकिंग: चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और इनवेस्टमेंट बैंकर को यहां बहुत बढ़िया पैकेज मिलता है.
दुबई में नौकरी के लिए जरूरी डिग्री और स्किल्स
दुबई में प्रोफेशनल जॉब्स के लिए संबंधित फील्ड में बैचलर या मास्टर डिग्री होनी जरूरी है. हालांकि, डिग्री से भी ज्यादा महत्व अनुभव और स्किल्स का है. अगर आपकी कम्युनिकेशन स्किल्स मजबूत हैं और इंग्लिश (और थोड़ी-बहुत अरबी) अच्छी तरह से बोल लेते हैं तो वहां करियर बनाना आसान हो जाता है. इसके अलावा, गल्फ कंट्रीज के वर्क कल्चर को समझने की क्षमता और डिजिटल टूल्स की अच्छी जानकारी आपको हमेशा दूसरों से आगे रखती है.
दुबई में नौकरी कैसे ढूंढें?
दुबई जाने के लिए किसी एजेंट को मोटी रकम देने की जरूरत नहीं है. आप नीचे बताए गए तरीकों से शुरुआत कर सकते हैं:
- जॉब पोर्टल्स: LinkedIn, Indeed UAE, GulfTalent और Bayt जैसी वेबसाइट्स पर अपना प्रोफाइल अपडेट रखें.
- कंपनी की वेबसाइट: जिन बड़ी कंपनियों में आप काम करना चाहते हैं (जैसे एमिरेट्स, एमआर), उनके ‘Career’ पेज पर जाकर डायरेक्ट अप्लाई करें.
- नेटवर्किंग: दुबई में काम कर रहे प्रोफेशनल्स से लिंक्डइन के जरिए जुड़ें और रेफरल मांगें.
दुबई में नौकरी के नियम और वीजा प्रोसेस
दुबई (UAE) के लेबर लॉ कर्मचारियों के हक में काफी सख्त हैं. वहां बिना वर्क वीजा (Work Visa) के काम करना गैरकानूनी है. दुबई में नौकरी पक्की होने पर वीजा और स्पॉन्सरशिप का पूरा खर्च कंपनी (Employer) ही उठाती है. यूएई में अब ‘लेबर कॉन्ट्रैक्ट’ डिजिटल होते हैं, जिससे फ्रॉड की गुंजाइश नहीं रहती. कंपनी बदलने या नौकरी छोड़ने के भी स्पष्ट और आसान नियम हैं.
दुबई में कितनी सैलरी मिलती है?
दुबई में सैलरी प्रोफाइल और अनुभव पर निर्भर करती है. फ्रेशर या एंट्री-लेवल जॉब में सैलरी 3,500 से 7,000 AED (90,860 से 1,81,720 रुपये) हो सकती है, जबकि अनुभवी प्रोफेशनल्स 15,000 से 40,000 AED (3.89 लाख से 10.38 लाख) या उससे ज्यादा हर महीने कमाते हैं. सबसे बड़ा फायदा है कि इस सैलरी पर 0% इनकम टैक्स लगता है. इसके साथ ही कंपनियां मेडिकल इंश्योरेंस, सालाना घर जाने के लिए हवाई टिकट और ग्रेच्युटी (नौकरी पूरी होने पर मिलने वाला फंड) जैसे बेहतरीन फायदे भी देती हैं.
यह भी पढ़ें- काम कुछ नहीं पर हर महीने मिलती है मोटी सैलरी, जानिए सरकारी नौकरी का अजब नियम