भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने ब्रिटेन के टी20 अंतरराष्ट्रीय दौरे पर भारत के निराशाजनक प्रदर्शन के लिए मध्यक्रम की कमजोरी, अदद ऑलराउंडर की कमी और खराब क्षेत्ररक्षण को जिम्मेदार ठहराया।
इंग्लैंड ने भारत को पांच मैच की श्रृंखला में 4-0 से हराया। इससे पहले भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में हार गई थी। पुजारा ने जियोहॉटस्टार से बातचीत के दौरान कहा, ”इंग्लैंड के पास पांचवें, छठे, सातवें और आठवें नंबर पर ऐसे बल्लेबाज थे जिन्होंने पूरा योगदान दिया। भारत की बात करें तो हमारे पास पांचवें नंबर पर तिलक (वर्मा) और छठे नंबर पर शिवम दुबे थे, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड के मध्यक्रम के बल्लेबाजों की तरह खास योगदान नहीं दिया।” पुजारा ने अपनी बात को बढ़ाते हुए आगे कहा, ”भारत के पास अदद ऑलराउंडर की भी कमी है और यह उसके लिए बड़ी चिंता का विषय है। भारत का क्षेत्ररक्षण भी बहुत खराब रहा।” पुजारा ने कहा, ”यह माना जा सकता है कि यह युवा टीम है जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई लेकिन खराब क्षेत्ररक्षण किसी भी तरह से स्वीकार नहीं किया जा सकता है। खेल के सबसे छोटे प्रारूप में फील्डिंग की भूमिका अहम होती है लेकिन पूरी श्रृंखला में भारत की फील्डिंग कमजोर रही और यह बड़ी चिंता का विषय है।”
अब जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की तैयारी
बता दें कि टीम इंडिया ने 26 जून और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज खेली थी जिसमें पहले मुकाबले में उसे 34 और दूसरे मुकाबले में 1 रनों से हार मिली थी। तब टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इसका दोष ग्राउंड पर मढ़ दिया था और कहा था कि वास्तव में आयरलैंड का बेलफास्ट ग्राउंड स्टेडियम था ही नहीं जिसकी वजह से हमें समझने में देर हुई, हम इस तरह का क्रिकेट खेलने के आदी नहीं थे। नतीजतन हार गए। आयरलैंड सीरीज में इतिहास में पहली बार व्हाइट वॉश होने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 4-0 से हार गई। एक मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहा था, जिसमें भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रनों का लक्ष्य दिया था। इंग्लैंड और आयरलैंड से व्हाइटवॉश होने के बाद अब अय्यर आर्मी तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलने के लिए जिम्बाब्वे रवाना होगी। ये सभी मुकाबले जुलाई महीने के अंत में हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। उससे पहले भारत तीन मैचों की वनडे सीरीज इंग्लैंड से खेलेगा जो 14 जुलाई से शुरू हो रही है।