स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ‘बैजबॉल’ युग का अंत होने जा रहा है। टेस्ट में आक्रामक बल्लेबाजी की शुरुआत करने वाले ब्रेंडन मैकुलम ने इंग्लैंड की मेंस टीम के टेस्ट कोच का पद छोड़ दिया है। अब उनका फोकस वनडे और टी20 पर होगा। इससे पहले इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था।
बहुत मजा आया
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी एक बयान में मैकुलम ने कहा, “मुझे टेस्ट टीम को कोचिंग देने में बहुत मजा आया और हमने मिलकर जो हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है। इस सफर में कुछ शानदार पल भी आए और कुछ मुश्किल दिन भी, लेकिन ऐसी चुनौती लेने में ये सब तो होता ही है।”
Thank you, Brendon 🙏 pic.twitter.com/n4E1U2dGf7
— England Cricket (@englandcricket) July 12, 2026
पूरा ध्यान व्हाइट बॉल पर
उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए सौभाग्य और सम्मान की बात रही है और मैं आभारी हूं। मैं उन खिलाड़ियों, स्टाफ और फैंस का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने इस सफर में हमारा साथ दिया। बेशक, आगे न बढ़ पाने का मुझे दुख है, लेकिन मैं इस फैसले का सम्मान करता हूं। अब मेरा पूरा ध्यान व्हाइट बॉल टीमों को अपना सर्वश्रेष्ठ देने और इंग्लैंड को आगे बढ़ाने में मदद करने पर है।”
उस ड्रेसिंग रूम में बहुत टैलेंट
उन्होंने कहा, मैं टेस्ट टीम की कामयाबी की कामना करता हूं। उस ड्रेसिंग रूम में बहुत टैलेंट है और वे सभी बहुत खास खिलाड़ी हैं। मैं हमेशा मुस्कुराते हुए इन खिलाड़ियों का समर्थन करता रहूंगा और उम्मीद करूंगा कि वे इसी तरह निडर होकर खेलते रहें। मुझे यकीन है कि वे आगे भी लोगों को गर्व महसूस कराते रहेंगे।
टेस्ट सीरीज गंवाई
मैकुलम की कोचिंग में इंग्लैंड टीम टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंची थी। हाल ही में टीम ने टी20 सीरीज में भारत को क्लीन स्वीप कर नंबर-1 रैंकिंग हासिल की। हाल ही में इंग्लैंड टीम को न्यूजीलैंड के हाथों टेस्ट में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।