गंभीर के कोचिंग स्टाफ में हलचल, फील्डिंग कोच टी. दिलीप की छुट्टी तय; मोर्कल-टेन डोएशे बने रहेंगे, Cricket Hindi News


इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद भारतीय कोचिंग स्टाफ में बदलाव हो सकता है। बीसीसीआई फील्डिंग कोच टी. दिलीप को बाहर का रास्ता दिखा सकता है, जबकि मोर्ने मोर्कल और सहायक कोच रयान टेन डोएशे बरकरार रहेंगे।

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के सहयोगी सदस्यों के दो साल का अनुबंध इंग्लैंड के मौजूदा सीमित ओवरों के दौरे के बाद समाप्त हो जाएंगे जिसमें फील्डिंग कोच टी. दिलीप का कार्यकाल आगे बढ़ने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है। तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और सहायक कोच रयान टेन डोएशे के दो साल के अनुबंध भी खत्म हो रहे हैं, हालांकि दोनों के करार में विस्तार का प्रावधान है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड की ओर से इन दोनों को बरकरार रखने की इच्छा जताई जा रही है।

फील्डिंग कोच टी. दिलीप हो सकते हैं बाहर

टी. दिलीप राहुल द्रविड़ के कोचिंग सदस्य का हिस्सा बनकर भारतीय टीम से जुड़े थे। वह टीम के लोकप्रिय सदस्यों में शामिल रहे हैं। खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाले उनके भाषण और हर मैच के बाद शुरू की गई ‘सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक पदक’ परंपरा के लिए उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा। द्रविड़, विक्रम राठौड़ और पारस म्हाम्ब्रे के 2024 टी20 विश्व कप जीत के बाद अपने पद छोड़ने के बावजूद दिलीप टीम के साथ बने रहे। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद उन्हें एक साल का विस्तार दिया गया था, लेकिन अब उन्हें एक और साल का कार्यकाल मिलने की संभावना काफी कम है।

गंभीर के भरोसेमंद सहयोगी

पिछले कुछ महीनों में भारतीय टीम की क्षेत्ररक्षण का स्तर गिरा है और बीसीसीआई इस विभाग में बदलाव करना चाहता है। मोर्ने मोर्कल के मार्गदर्शन में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने पिछले दो वर्षों में अच्छा प्रदर्शन किया है। साल के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण दौरे और दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए गंभीर अपने भरोसेमंद सहयोगी को टीम में बनाए रखना चाहेंगे।

गंभीर के सहयोगी सदस्यों में सबसे दिलचस्प नाम नीदरलैंड के पूर्व कप्तान और कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व हरफनमौला डोएशे का है। मीडिया से उनकी बातचीत हमेशा ईमानदार आकलन, स्पष्ट जानकारी और क्रिकेट के बदलते रुझानों पर शानदार विश्लेषण के लिए चर्चा में रही है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया के अनुसार 19 जुलाई को वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद भारतीय टीम के आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। सैकिया ने हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि बोर्ड जल्दबाजी में किसी भी तरह का फैसला नहीं करेगा। भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 0-4 से गंवाई है। हालांकि पता चला है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के भविष्य पर फिलहाल कोई खतरा नहीं है क्योंकि उनका बीसीसीआई के साथ अनुबंध 2027 वनडे विश्व कप तक है।



Leave a Comment