पाकिस्तान और इंग्लैंड में संपूर्ण तख्तापलट, नए कप्तानों और कोचों के साथ मैदान पर होंगे, बाबर आजम के सामने चुनौती, Cricket Hindi News


इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को बड़ा ऐक्शन लेते हुए ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट क्रिकेट से बतौर कोच पद से हटा दिया है। वे सिर्फ वनडे और टी-20 क्रिकेट में ही टीम की कोचिंग करेंगे। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड के पास अब नया हेड कोच होगा। यानी इंग्लैंड अब पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप श्रृंखला में नए मुख्य कोच के साथ उतरेगा। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच अगस्त और सितंबर में तीन टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पहला टेस्ट मैच 19 से 23 अगस्त के बीच हेडिंग्ले लीड्स में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट मैच लॉर्ड्स के मैदान पर 27 से 31 अगस्त के बीच होगा। तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच 9 सितंबर से 13 सितंबर के बीच बर्मिंघम एजबेस्टन में खेला जाएगा।

कप्तान और कोच के बदलाव के साथ मैदान पर

हाल ही में इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि उसने भारत को टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 4-0 से करारी शिकस्त देकर दुनिया की नंबर एक टी-20 टीम बनने का गौरव हासिल किया। भारत के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने के बाद इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान से टेस्ट सीरीज खेलेगी। पाकिस्तान सोमवार को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए वेस्टइंडीज रवाना हो रही है। जहां उसका पहला टेस्ट मैच 25 से 30 जुलाई और दूसरा टेस्ट मैच 2 से 7 अगस्त के बीच खेला जाएगा, इसके बाद पाक टीम इंग्लैंड रवाना होगी। पाकिस्तान के फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने भी इस्तीफा दे दिया है, ऐसे में पाक टीम भी एक नए कोच के साथ ही मैदान पर होगी। पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमों ने अपने-अपने कप्तान भी बदले हैं। बेनस्टोक्स की इस्तीफे के बाद इंग्लैंड का नया टेस्ट कप्तान अभी तक घोषित नहीं किया है, जबकि पाकिस्तान ने शान मसूद की जगह बाबर आजम को पाकिस्तान का कप्तान बनाया है। ऐसे में दोनों टीमों के पास बदले हुए नए कप्तान होंगे जिनकी चुनौतियां अलग होंगी।

इस्तीफे के बाद ईसीबी ने और खुद मैकुलम ने क्या कहा?

मैकुलम के इस्तीफे पर ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गूल्ड ने कहा, “ब्रेंडन ने इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम में नई ऊर्जा का संचार किया। उनके नेतृत्व में टीम ने कई यादगार जीत दर्ज कीं और हम उनके योगदान के लिए आभारी हैं।” उन्होंने कहा, “अब हमें लगता है कि टेस्ट टीम में बदलाव का यही सही समय है, क्योंकि हमारा लक्ष्य अगले वर्ष एशेज श्रृंखला जीतना है। मैकुलम की कोचिंग में इंग्लैंड की टी-20 टीम इस वर्ष टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक पहुंची और हाल ही में भारत को हराकर विश्व की नंबर एक टीम बनी। वह सीमित ओवरों की टीमों के मुख्य कोच बने रहेंगे।” इंग्लैंड पुरुष टीम के प्रबंध निदेशक रॉब की ने कहा, “हाल के वर्षों में इंग्लैंड टेस्ट टीम की कई अविस्मरणीय उपलब्धियां ब्रेंडन के नेतृत्व में हासिल हुईं। खिलाड़ियों की सोच और टीम संस्कृति को उन्होंने जिस तरह बदला, वह प्रेरणादायक रहा। उन्होंने युवा प्रतिभाओं की ऐसी पीढ़ी तैयार की है जो आने वाले वर्षों में इंग्लैंड क्रिकेट की रीढ़ बनेगी।” वहीं, मैकुलम ने कोचिंग छोड़ने पर कहा, “टेस्ट टीम को कोचिंग देना मेरे लिए बेहद सुखद अनुभव रहा और हमने मिलकर जो उपलब्धियां हासिल कीं, उन पर मुझे गर्व है। इस सफर में कई यादगार पल आए और कुछ कठिन दौर भी, लेकिन यही किसी बड़ी चुनौती का हिस्सा होता है।” उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही। मैं खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और उन सभी प्रशंसकों का दिल से आभारी हूं, जिन्होंने इस पूरे सफर में हमारा साथ दिया।”



Leave a Comment