जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के न्यू आजाद नगर मोहल्ले में एक 61 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने ही बेटे, बहू और तीन पोतों पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना डाबा पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को दी शिकायत में 61 वर्षीय जोगिंदर चौधरी ने बताया कि उनका बेटा अनिल कुमार, बहू पम्मी देवी और तीनों पोते दीपक कुमार, निखिल कुमार तथा पवन कुमार आए दिन उनके साथ गाली-गलौज करते थे। उन्होंने कई बार परिवार के सदस्यों को ऐसा व्यवहार न करने के लिए समझाया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके उलट आरोपित उन्हें कथित तौर पर जान से मारने और घर से निकालने की धमकियां देने लगे।
यह भी पढ़ें- सीमा पार से ड्रोन ने तरनतारन में गिराई 11 किलो हेरोइन, खेत में छिपी खेप ने खोल दिए तस्करी के नए रास्ते
गालियां दी, मारपीट की और घर से निकाला
शिकायतकर्ता के अनुसार पांच जुलाई को वह अपने कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचे और उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और धक्के देकर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।