आमिर खान की तीसरी शादी पिछले दिनों काफी चर्चा में रही। अब अपने शो में शेखर सुमन ने सुपरस्टार की शादी पर तंज कसते हुए इसे ट्रिपल इंजन की गाड़ी कह डाला है।
बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने पिछले अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंध गए। यह उनकी तीसरी शादी थी। शेखर सुमन अपने हालिया शो में आमिर खान के तीसरी शादी करने पर जोक करते हुए कहा- इस आदमी ने आने वाली कई पीढ़ियों को एक अनूठी दृष्टि दी है। और वह दृष्टि है किसी लक्ष्य को पाने के लिए तब तक प्रयास करते रहना जब तक आप उसे हासिल न कर लें। मालूम हो कि इससे पहले आमिर खान दो शादियां कर चुके हैं। पहली शादी रीना दत्ता से हुई और यह शादी 1986 से 2002 तक चली। दूसरी शादी उन्होंने किरण राव से की और यह शादी 2005 से 2021 तक चली। अब गौरी स्प्रैट के साथ वह तीसरी बार शादी के बंधन में बंधे हैं।
क्यों विवादों में आमिर की शादीशुदा जिंदगी?
आमिर खान के पहली शादी से 2 बच्चे हैं (एक बेटा- जुनैद खान और एक बेटी- आइरा खान), दूसरी शादी से आमिर खान को एक बेटा है जिसका नाम आजाद (सरोगेसी से हुआ) है। तीसरी शादी उनकी गौरी स्प्रैट के साथ साल 2026 में हुई है और इस शादी की तस्वीरें और वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए। लोगों और धार्मिक संगठनों ने आमिर खान को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया और आरोप लगाया कि वह बार-बार क्यों हिंदू लड़की से ही शादी करते हैं और बाद में तलाक लेकर अलग हो जाते हैं।
आमिर से सीखनी चाहिए गठबंधन की कला
एक्टर शेखर सुमन ने अपने शो ‘शेखर टुनाइट’ में आमिर खान की शादीशुदा जिंदगी पर तंज कसते हुए कहा कि आमिर खान की निजी जिंदगी राजनेताओं के लिए एक सबक हो सकती है। उन्होंने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, “राजनेताओं को उनसे बहुत कुछ सीखना चाहिए। अक्सर कहा जाता है कि राजनेता गठबंधन बनाना जानते हैं। लेकिन उन्हें इस व्यक्ति से गठबंधन बनाने की कला सीखनी चाहिए। दो असफल गठबंधनों के बाद, तीसरे को महागठबंधन कहा जाना चाहिए। हमारी सरकार दो इंजन को सुचारू रूप से नहीं चला सकती, और वह अब तिहरा इंजन चला रहे हैं।”
‘यह इंजन अभी तक रुका नहीं है और अपने..’
शेखर सुमन ने अपने जाने-पहचाने अंदाज में आमिर खान की निजी जिंदगी की तुलना एक ट्रेन जर्नी से करते हुए कहा कि जैसे कोई इंजन ड्राइवर अलग-अलग स्टेशनों पर गाड़ी में डिब्बे जोड़ता और हटाता है, फिर बाद में सबको एक साथ जोड़ता है। आमिर भी उसी तरह का कुछ करते जा रहे हैं। शेखर सुमन ने कहा कि आमिर खान का यह हुनर अतुलनीय है। पैट्रोल में ईथनॉल की मिक्सिंग को लेकर मचे हंगामे से कनेक्ट करते हुए शेखर सुमन ने कहा- ईंधन के जटिल मिश्रण के बावजूद यह इंजन अभी तक रुका नहीं है, और अपने नए स्टेशन की तरफ लगातार चलता जा रहा है।