श्रेयस अय्यर की एस बद्रीनाथ ने कड़ी आलोचना की है। अय्यर की कप्तानी में भारत को कोई जीत नसीब हुई। भारत ने आयरलैंड के बाद इंग्लैंड में भी सीरीज गंवा दी है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस बद्रीनाथ ने एक सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेसय अय्यर ने 23 वर्षीय ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे का सिलेक्शन करवाया। सूर्यांश ने आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज में एक-एक टी20 मैच खेला। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ एक रन बनाया और इंग्लैंड के सामने 7 रन जोड़े। वह दोनों मैच में कोई विकेट नहीं चटका सके। सूर्यांश आईपीएल में पंजाब किंग्स (PBKS) का हिस्सा हैं, जिसकी कमान अय्यर के पास है। वह घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं। अय्यर भी मुंबई की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। सूर्यांश 23 जुलाई से जिम्बाब्वे में शुरू होने जा रही तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए भी भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं।
‘श्रेयस पर सवाल उठाने को मजबूर किया’
एस बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”यह श्रेयस का सिलेक्शन लगता है। श्रेयस की सिलेक्शन में स्पष्ट तौर पर राय होती है, यह इसका सबूत है। इसलिए उन्हें रिजल्ट की जिम्मेदारी लेनी होगी, भले ही वह कप्तानी में नए हों। वह बतौर कप्तान बहुत खराब रहे हैं। सूर्यांश शेडगे का सिलेक्शन आपको श्रेयस पर सवाल उठाने पर मजबूर करता है। शेडगे पंजाब किंग्स और मुंबई के लिए खेलते हैं। उन्होंने अपने टी20 करियर में कुछ खास नहीं किया है। मुंबई और पंजाब किंग्स में होने की वजह से शेडगे को भुवनेश्वर कुमार जैसे क्रिकेटरों से पहले सीधे भारतीय टीम में मौका मिला है।” सूर्यकुमार यादव की जगह भारतीय टीम की बागडोर संभालने वाले अय्यर जीत को तरस गए। उनकी अगुवाई में भारत ने आयरलैंड और इंग्लैंड में ऐतिहासिक क्लीन स्वीप झेला। भारत ने सात सालों में पहली बार लगातार सीरीज गंवाई हैं।
‘ऐसा है तो घर पर बैठो और क्रिकेट मत खेलो’
पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि शरीर की थकान जैसे बहानों से काम नहीं चलेगा। बद्रीनाथ ने कहा, ”मैं आईपीएल हैंगओवर और शरीर की थकान जैसे बहाने नहीं मानूंगा। ये वो बातें हैं जो रोजाना काम करने वाले लोग कह सकते हैं। एक हाई लेवल इंडियन प्रोफेशनल क्रिकेटर ये नहीं कह सकता। अगर ऐसा है तो घर पर बैठो और क्रिकेट मत खेलो। आप करोड़ों लोगों की उम्मीदें लेकर चल रहे हैं और इंडिया के लिए खेलना बहुत सौभाग्य वाली बात है। इसलिए आप इस तरह के बहाने नहीं दे सकते। मैं इन नतीजों से हैरान हूं क्योंकि हमारे पास आईपीएस के रूप में दुनिया का सबसे अच्छा टी20 टूर्नामेंट है, जो टैलेंट को जन्म देता है। बीसीसीआई भी भारतीय क्रिकेटरों को सबसे अच्छी सुविधाएं देता है। ऐसे में जब आप इस तरह का प्रदर्शन करते हैं तो सवाल पूछे जाने चाहिए और पूछे जाएंगे।”