पलामू में अंधविश्वास का खूनी खेल: मां पर ‘डायन’ का शक था, बेटे को मार डाला; चाचा ने भतीजे को चाकू से गोदा


संवाद सूत्र, जागरण, चैनपुर (पलामू)। चैनपुर थाना क्षेत्र के रबदा गांव में सोमवार सुबह अंधविश्वास से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना में एक व्यक्ति ने अपने 12 वर्षीय भतीजे की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा अनिल बैठा को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान रौशन बैठा (12) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रौशन सोमवार सुबह घर के बाहर था। इसी दौरान उसका चाचा अनिल बैठा वहां पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, हमले के बाद गला दबाने का भी आरोप है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अंधविश्वास में बच्चे की मां से नफरत करता था। 

थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उनके अनुसार, आरोपी को यह भ्रम था कि रौशन की मां के कारण उसके घर संतान नहीं हो पा रही है और गर्भ में ही बच्चे की मौत हो जाती है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने मृतक के पिता के बाहर मजदूरी पर होने का हवाला देते हुए शव उठाने का विरोध किया। बाद में सदर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पहुंचे, जहां मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।



Leave a Comment