25 दिन की बेटी खोई, फ‍िर जवान बेटे की मौत, अनुराधा पौड़वाल का दर्द, संगीत से नाता टूटा – anuradha paudwal suffered mental breakdown after new born daughter son aditya paudwal death kali mandir quit singing tmova


अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली अनुराधा पौडवाल ने पहली बार अपनी जिंदगी का ऐसा दर्द बयां किया है, जिसके बारे में आज तक बहुत कम लोग जानते थे. हर कोई जानता है कि साल 2020 में उन्होंने अपने 35 साल के बेटे आदित्य को खो दिया था, लेकिन अब सिंगर ने खुलासा किया है कि इससे पहले उनकी एक नवजात बेटी की भी मौत हो चुकी थी.

सिर्फ 25 दिन की थी बेटी 

न्यूज बुक से बातचीत में अनुराधा पौडवाल ने बताया कि उनकी पहली बेटी सिर्फ 25 दिन की थी, जब उसने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. सिंगर ने कहा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा सदमा था. उस दर्द ने उन्हें अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया था.

अनुराधा ने बताया कि बेटी की मौत के बाद उनका जीने और गाने का मन ही खत्म हो गया था. उन्होंने कहा- मैंने सोच लिया था कि अब म्यूजिक छोड़ दूंगी. सब कुछ खत्म हो गया था. फिर मैं दक्षिणेश्वर काली मंदिर गई. वहां मां काली से प्रार्थना की और धीरे-धीरे जिंदगी ने फिर से नई राह दिखाई. उनका एक बेटा और बेटी हुई.

2020 में बेटे की मौत ने फिर तोड़ दिया

समय के साथ अनुराधा ने खुद को संभाला, लेकिन साल 2020 में एक बार फिर उनकी जिंदगी में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. उनके इकलौते बेटे आदित्य पौडवाल का 35 साल की उम्र में किडनी फेल होने की वजह से निधन हो गया. बेटे के जाने की खबर से पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री सदमे में आ गई थी.

अनुराधा पौडवाल ने मशहूर म्यूजिक कंपोजर अरुण पौडवाल से शादी की थी. दोनों ने कई फिल्मों और भक्ति एल्बमों में साथ काम किया. साल 1991 में अरुण पौडवाल का निधन हो गया था. आज परिवार में उनकी सिर्फ एक बेटी कविता पौडवाल हैं, जो म्यूजिक की दुनिया से जुड़ी हुई हैं.

दर्द को भुलाकर भक्ति संगीत में मिली नई पहचान

बॉलीवुड में कई सुपरहिट गाने देने के बाद अनुराधा पौडवाल ने भक्ति संगीत की राह चुनी. उनके गाए माता रानी, शिव और दूसरे देवी-देवताओं के भजन आज भी करोड़ों लोगों की पहली पसंद हैं. हिंदू भजनों के अलावा, उन्होंने कुछ इस्लामिक, ईसाई, जैन, बौद्ध और सिख भक्ति गीत भी गाए हैं. उन्होंने हजारों भजन गाए हैं और अभी भी भजन गानों में एक्टिव हैं.

लेकिन इन भजनों के पीछे एक ऐसी मां का दर्द छिपा था, जिसने पहले अपनी 25 दिन की मासूम बेटी को खोया और फिर जवान बेटे को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. सालों बाद जब अनुराधा ने यह दर्द दुनिया के सामने रखा, तो उनके फैंस भी भावुक हो गए.

—- समाप्त —-



Leave a Comment