नई दिल्ली भारत मंडपम में मंगलवार से शुरू हो रहे भारत टेक्स-2026 में काशी के 10 उद्यमी व निर्यातक अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। चार दिवसीय आयोजन में वस्त्र उद्योग से जुड़े निर्माता और निर्यातक बनारसी साड़ी और रेडीमेड कपड़ों के उत्पादों को इस मंच के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाएंगे। उद्यमियों का कहना है कि बनारसी सिल्क साड़ी और जरी की बनी बनारसी साड़ी अपनी खास डिजाइन, महीन बुनकारी और सुनहरी कारीगरी से अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी छाप छोड़ेगी।
हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की उपायुक्त उद्योग (प्रवर्तन) कुसुम ने बताया कि भारत टेक्स-2026 देश के संपूर्ण टेक्सटाइल इकोसिस्टम को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा। भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को वस्त्र मंत्रालय सहयोग कर रहा है। 17 जुलाई तक चलने वाले आयोजन में 7 हजार से अधिक खरीदारों, करीब 1.30 लाख व्यापारिक आगंतुकों और 20 हजार से अधिक वस्त्र उत्पादों के प्रदर्शन की संभावना है।
इसे भी पढ़ें; UP News: पत्नी से मिलने की जिद, डीएम कार्यालय के सामने आत्मदाह की कोशिश; युवक को पुलिस ने दबोचा
इस संस्करण में संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, जापान, स्पेन, पुर्तगाल, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और नेपाल समेत 14 देशों के अंतरराष्ट्रीय वस्त्र उद्योग से जुड़े लोग हिस्सा ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार इस मंच के जरिये राज्य के वस्त्र उद्योग, विशेषकर बनारसी वस्त्र परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाएगी।
बनारसी साड़ी विक्रेता राजेश कुमार जायसवाल ने बताया कि सरकार ने उद्यमियों और कारीगरों को आर्थिक एवं संस्थागत सहयोग प्रदान किया है और अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध करा रही है। साड़ी विक्रेता अहमद कैसर ने बताया कि इस वैश्विक मंच पर देश-विदेश के खरीदारों से सीधे संपर्क बनने से नए ऑर्डर मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे बनारसी वस्त्र उद्योग और स्थानीय रोजगार को मजबूती मिलेगी।