
भारतीय सरकार ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की वार्ता में आ रही बाधाओं को खारिज किया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक माहौल में जारी है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के साथ बैठक के बाद, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार संबंध लगातार बढ़ रहे हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। सरकार ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की वार्ता अटकने की आशंकाओं को खारिज कर दिया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को स्पष्ट किया कि भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत लगातार सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है। दोनों देश संतुलित तथा दोनों पक्षों के हित में होने वाले समझौते के लिए प्रतिबद्ध हैं। गोयल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि जून में नई दिल्ली में उनकी अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर के साथ बेहद सकारात्मक और रचनात्मक बैठक हुई थी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने ऐसे व्यापार समझौते की दिशा में काम जारी रखने पर सहमति जताई है, जिससे कारोबार, किसानों, कामगारों और उपभोक्ताओं सभी को वास्तविक लाभ मिले। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों की बातचीत करने वाली टीमें लगातार संपर्क में हैं और समझौते को आगे बढ़ाने के लिए पूरी सक्रियता से काम कर रही हैं। गौरतल है कि इससे पहले भी सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि किसी भी व्यापार समझौते में भारत के राष्ट्रीय हित सर्वोच्च रहेंगे। खासकर कृषि, छोटे उद्योग और घरेलू कारोबार से जुड़े मुद्दों पर कोई ऐसा फैसला नहीं लिया जाएगा जिससे देश के हित प्रभावित हों।
इसलिए अहम है संबंध
भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगातार बढ़ रहा है और इसका आकार 190 अरब डॉलर से अधिक पहुंच चुका है। दोनों देश लंबे समय से व्यापक व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। इन वार्ताओं में कृषि उत्पादों की बाजार पहुंच, डिजिटल कारोबार, बौद्धिक संपदा, विनिर्माण, निवेश, डेटा से जुड़े नियम और आयात शुल्क जैसे कई अहम मुद्दे शामिल हैं।
करार की रूपरेखा तैयार, कोई मतभेद नहीं
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत अच्छी तरह आगे बढ़ रही है और इसकी रूपरेखा तैयार हो चुकी है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि उचित समय आने पर इस पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि समझौते में भारत अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में शुल्क के मोर्चे पर बेहतर स्थिति हासिल करने की कोशिश कर रहा है। अधिकारी के मुताबिक, अमेरिकी टीम के साथ बहुत अच्छी चर्चा हुई है। हम रूपरेखा समझौते और द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) दोनों पर बातचीत कर रहे हैं और दोनों प्रक्रियाएं अच्छी तरह आगे बढ़ रही हैं। दोनों देशों के बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है और उन्हें इस मामले में कोई चुनौती नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगातार बढ़ रहा है। भारत, अमेरिका से ऊर्जा आयात भी बढ़ा रहा है। उधर, वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि भारत बंधुआ मजदूरी और अत्यधिक उत्पादन क्षमता से जुड़ी अमेरिकी जांच के मामले में अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) के साथ बातचीत कर रहा है। यूएसटीआर ने 11 और 12 मार्च, 2026 को बंधुआ मजदूरी और अतिरिक्त औद्योगिक क्षमता से जुड़े मुद्दों को लेकर 60 देशों के खिलाफ अलग-अलग जांच शुरू की थी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
✦भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की वार्ता में कौन केंद्रीय मंत्री शामिल हैं?−
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस वार्ता में शामिल हैं।
✦भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार का वर्तमान आकार क्या है?+
✦व्यापार समझौते की दिशा में बातचीत किन मुद्दों पर हो रही है?+