यूएई का दावा- होर्मुज़ स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों पर ईरान ने किया हमला


शिप

इमेज स्रोत, Amirhossein KHORGOOEI / ISNA / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, दो तेल टैंकरों पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं (सांकेतिक तस्वीर)

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने होर्मुज़ स्ट्रेट में उसके दो तेल टैंकरों पर हुए हमले के लिए ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया है.

अमीरात और बहरीन ks अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं.

बहरीन के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मोंबासा और बाहिया नाम के दो तेल टैंकरों को ईरान की ओर से दागी गई दो क्रूज़ मिसाइलों से निशाना बनाया गया. मंत्रालय के मुताबिक़, हमला होर्मुज़ स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से और ओमान के समुद्री क्षेत्र में हुआ.

हालांकि, ईरान ने इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

वहीं, ईरानी सैन्य सूत्रों से जुड़ी समाचार एजेंसियों ने दावा किया है कि ‘कई नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाज़ों पर हमला किया गया’, लेकिन हमले के स्रोत या ज़िम्मेदार पक्ष का कोई उल्लेख नहीं किया गया.

इससे पहले, ब्रिटेन की यूके मरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने मंगलवार सुबह ओमान के क़लहात से 40 नौटिकल मील उत्तर-पूर्व में एक समुद्री घटना की जानकारी दी थी.

यूकेएमटीओ के अनुसार, एक तेल टैंकर के कप्तान ने बताया कि एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल जहाज़ के इंजन रूम के दाहिने हिस्से से टकराया.

संगठन ने कहा कि घटना में सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और जहाज़ पर मौजूद हैं.



Leave a Comment