नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में अमूमन एक तय नियम रहा है पहले आप घरेलू क्रिकेट में पसीना बहाते हैं, फर्स्ट-क्लास और लिस्ट-ए मैचों में रनों और विकेटों का अंबार लगाते हैं, और फिर कहीं जाकर आपको नेशनल टीम की जर्सी नसीब होती है. लेकिन वेस्टइंडीज़ क्रिकेट ने इस पुरानी परंपरा को तोड़कर दुनिया के सामने एक ऐसा हीरा पेश किया है, जिसने घरेलू क्रिकेट का ‘ककहरा’ सीखे बिना ही सीधे अंतरराष्ट्रीय मंच पर तहलका मचा दिया. हम बात कर रहे हैं जमैका के 19 वर्षीय बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर विटेल लॉव्स की.
बिना फर्स्ट क्लास मैच खेले विटेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज़ के लिए झटके थे 3 विकेट
वेस्टइंडीज़ क्रिकेट टीम के 19 वर्षीय स्पिनर विटेल लॉव्स ने बिना एक भी फर्स्ट-क्लास, लिस्ट-ए या घरेलू टी20 मैच खेले सीधे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ही वनडे मैच में 3 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. इस युवा चाइनामैन यानि बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर ने अपनी जादुई गेंदों से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
सीधे इंटरनेशनल क्रिकेट में एंट्री
विटेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज़ के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. बिना किसी फर्स्ट-क्लास या प्रोफेशनल लिस्ट-ए मैच के अनुभव के मैदान पर उतरे इस युवा खिलाड़ी ने अपने पहले ही मैच में कीवी टीम के खिलाफ 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर क्रिकेट पंडितों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है. विटेल लॉव्स की प्रतिभा को वेस्टइंडीज़ क्रिकेट बोर्ड ने साल 2026 की शुरुआत में हुए आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान पहचाना था. उस टूर्नामेंट में विटेल ने अपनी फिरकी के जाल में दुनिया भर के बल्लेबाजों को फंसाया था और 5 मैचों में 10 विकेट लेकर ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में अपनी जगह बनाई थी. लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि बिना किसी सीनियर घरेलू स्तर के मैच के उन्हें इतनी जल्दी मुख्य राष्ट्रीय टीम में बुलावा आ जाएगा. हेड कोच डैरेन सैमी और कप्तान शाई होप ने इस युवा चाइनामैन गेंदबाज के हुनर पर पूरा भरोसा जताया और गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम की धीमी पिच पर उन्हें डेब्यू कैप सौंप दी.
डेब्यू मैच में बिखेरा जादुई फिरकी का जलवा
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में वेस्टइंडीज़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. जब कप्तान शाई होप ने गेंद 19 साल के विटेल लॉव्स के हाथों में थमाई, तो उन पर अपनी प्रतिभा साबित करने का भारी दबाव था लेकिन विटेल ने किसी अनुभवी गेंदबाज की तरह अपनी लाइन और लेंथ पर नियंत्रण रखा. उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में केवल 54 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए. उनकी गुगली और ड्रिफ्ट को समझ पाना न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए टेढ़ी खीर साबित हुआ. विटेल की इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज़ ने न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेला और सीरीज में 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली.
एडम जैम्पा को देख जागा था गेंदबाज बनने का शौक
विटेल लॉव्स का बचपन बेहद संघर्षों भरा रहा है। जमैका के इस खिलाड़ी ने मात्र चार साल की उम्र में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जैम्पा को टीवी पर गेंदबाजी करते देख स्पिन गेंदबाजी करने की ठानी थी. सेंट कैथरीन क्रिकेट क्लब से अपने सफर की शुरुआत करने वाले विटेल ने बिना किसी बड़े गॉडफादर के, केवल अपनी मां के त्याग और लोकल अंपायरों के सहयोग से इस मुकाम को हासिल किया है. उनकी कलाई की बनावट और गेंद को हवा में गति देने की कला उन्हें बेहद खास और खतरनाक गेंदबाज बनाती है. विटेल लॉव्स का यह ड्रीम डेब्यू इस बात का प्रमाण है कि यदि खिलाड़ी में असाधारण प्रतिभा हो, तो आंकड़े और अनुभव मायने नहीं रखते. वेस्टइंडीज़ टीम को लंबे समय से एक ऐसे मिस्ट्री स्पिनर की तलाश थी, जो बीच के ओवरों में विरोधी टीम की रन गति पर लगाम लगाने के साथ-साथ विकेट निकाल सके. विटेल के रूप में उन्हें न सिर्फ एक बेहतरीन चाइनामैन गेंदबाज मिला है, बल्कि आगामी क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए एक बड़ा मैच-विजेता भी मिल चुका है.