ट्रंप ने कहा- मोजतबा ख़ामेनेई 90 फ़ीसदी ख़त्म हो चुके हैं, ईरान के नए सर्वोच्च नेता को लेकर अटकलें तेज़


ईरान

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, 31 मई 2019 की इस फाइल फोटो में ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई के बेटे मोजतबा ख़ामेनेई तेहरान में यरुशलम दिवस के अवसर पर आयोजित एक प्रदर्शन में शामिल हुए थे

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 5 मिनट

ईरान ने नए सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नहीं दिखे थे और तब से ही उनकी सेहत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज़ से सोमवार को कहा कि आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई मारे जा चुके हैं और उनके बेटे मोजतबा ख़ामेनेई भी “90 फ़ीसदी ख़त्म” हो चुके हैं.

फॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “उनके पास अब कोई नौसेना नहीं बची है, उनकी वायु सेना नहीं बची है, सब कुछ ख़त्म हो चुका है. उनका एयर डिफेंस सिस्टम भी ख़त्म हो चुका है. उनके सभी नेता मारे जा चुके हैं. उनके सबसे बेहतरीन नेता मारे जा चुके हैं. ख़ामेनेई ख़त्म हो चुके हैं और उनके बेटे भी 90 प्रतिशत ख़त्म हो चुके हैं.”

इससे पहले मोजतबा ख़ामेनेई के नाम से शनिवार को जारी एक लिखित बयान में ईरान ने पूर्व सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई की हत्या का बदला लेने की कसम खाई.

बयान में कहा गया था, “हम आपके पवित्र ख़ून और इन दोनों युद्धों में शहीद हुए सभी लोगों के ख़ून का बदला लेने का संकल्प लेते हैं. दुनिया भर में ऐसे लोग मौजूद हैं जो बदला लेने के लिए तैयार हैं. बहुत जल्द दुनिया भर के स्वतंत्र लोग इस मिशन का अपना-अपना हिस्सा पूरा करेंगे.”



Leave a Comment