Last Updated:
मकसूदपुर स्थित होटल कॉर्पोरेट इवेंट के पास एक ऑटो की तलाशी ली गई. ऑटो में रखे चार ट्रॉली बैग से बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई. मौके से टेम्पो चालक अभिषेक कुमार और शराब तस्कर सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
एक महीने में तीन खेप पहुंचाई
मुजफ्फरपुर: बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसके बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की सप्लाई करने की कोशिश कर रहे हैं. मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने एक ऐसे ही गिरोह का खुलासा किया है. यहां चार ट्रॉली बैग में भरकर बीयर की खेप ले जा रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. गिरफ्तार युवक ने बताया कि उसे एक जगह से दूसरी जगह शराब की खेप पहुंचाने के बदले 5 हजार रुपये मिलते थे. उसने यह भी बताया कि वह पिछले एक महीने से इस काम में लगा हुआ था. इस दौरान वह तीन बार शराब की खेप सुरक्षित पहुंचा चुका था. लेकिन चौथी बार उत्पाद विभाग की टीम के हत्थे चढ़ गया.
ऑटो में शराब की खेप लोड
दरअसल, मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरो माइल पर कुछ शराब तस्कर ट्रॉली बैग में विदेशी शराब और बीयर की खेप लेकर पहुंचे हैं. वहां से खेप को ऑटो में रखकर सीतामढ़ी की ओर भेजने की तैयारी चल रही है. सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम जीरो माइल पहुंची. हालांकि तब तक तस्कर ऑटो में शराब की खेप लोड कर वहां से निकल चुके थे.
बैग में बीयर की बोतलें भरी मिलीं
इसके बाद टीम ने ऑटो का पीछा शुरू किया. रामपुर हरि थाना क्षेत्र के मकसूदपुर स्थित होटल कॉर्पोरेट इवेंट के पास संदिग्ध ऑटो को रोककर जांच की गई. ऑटो में चार बड़े ट्रॉली बैग रखे हुए थे. जब टीम ने बैग खोले तो सभी में बीयर की बोतलें भरी मिलीं. इसके बाद मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामपुर हरि थाना क्षेत्र के टेम्पो चालक अभिषेक कुमार और हथौड़ी थाना क्षेत्र के डकरामा निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
शराब की यह खेप पश्चिम बंगाल से आई
पूछताछ में सूरज कुमार ने बताया कि शराब की यह खेप पश्चिम बंगाल से एक पिकअप वाहन पर लादकर मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित मैठी टोल प्लाजा लाई गई थी. वहां से उसे यह खेप सौंपी गई. इसके बाद उसने शराब को एक ऑटो में लादकर अहियापुर के जीरो माइल तक पहुंचाया. फिर वहां से दूसरे ऑटो में शराब की खेप लोड कर हथौड़ी थाना क्षेत्र की ओर रवाना हुआ. लेकिन रास्ते में उत्पाद विभाग की टीम ने रामपुर हरि थाना क्षेत्र के पास उसे पकड़ लिया.
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
मामले में उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. मकसूदपुर स्थित होटल कॉर्पोरेट इवेंट के पास एक ऑटो की तलाशी ली गई. ऑटो में रखे चार ट्रॉली बैग से बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई. मौके से टेम्पो चालक अभिषेक कुमार और शराब तस्कर सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया. दोनों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
About the Author

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें