44 Referees From 18 Districts Learned The Nuances Of The Sport At The Quan Ki Do Workshop. – Varanasi News


उत्तर प्रदेश क्वान की-डो एसोसिएशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रादेशिक क्वान की डो रेफरी सेमिनार और ग्रेडिंग कार्यशाला बाबतपुर के गणेशपुर में मंगलवार को संपन्न हुई। इसमें प्रदेश के 18 जिलों के 44 चयनित रेफरियों ने तीन दिनों में 27 घंटे खेल के नए नियम और रेगुलेशन की जानकारी ली। इसमें क्वान की-डो खेल के नवीनतम तकनीकी मानकों, प्रतियोगिता संचालन, नियम और विनियम का प्रशिक्षण देश के वरिष्ठ क्वान की-डो प्रशिक्षकों ने दिया।


सेमिनार में मेजबान वाराणसी के अतिरिक्त गाजीपुर, इटावा, गोरखपुर, मैनपुरी, इटावा, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, बहराइच, गोंडा, मथुरा, कानपुर, चंदौली, गौतम बुद्धनगर, सहारनपुर, सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के रेफरियों ने सहभागिता की। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी प्रतिभागियों की प्रायोगिक, सैद्धांतिक मौखिक परीक्षाएं आयोजित की गईं। सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले रेफरियों को प्रमाण पत्र भी दिया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के तकनीकी निदेशक भुवनेश कुमार शर्मा और रेफरी अध्यक्ष अब्दुल मलिक खान ने तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल में दोनों टीमों का ध्यान खेल पर होता है और खिलाड़ी हर तरकीब अपनाते हैं इसी समय रेफरी का काम शुरू होता है। वह तय नियमों के आधार पर खेल सर्वमान्य तरीके से संपन्न कराता है। अंतिम सत्र का शुभारंभ उत्तर प्रदेश क्वान की-डो एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार सिंह गौतम ने किया। मुख्य अतिथि एसोसिएशन के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्य अमित पांडेय ने सभी सफल प्रतिभागियों को ग्रेडिंग और रेफरी प्रमाण-पत्र प्रदान दिया। मौके पर संघ के सचिव उमेश केसरी, संयुक्त सचिव, सुल्तान खान, अमन कुमार, पूर्व अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह मौजूद रहे।



Leave a Comment