बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच के बीच फैंस को इसी मैदान पर 2019 वनडे वर्ल्ड कप में खेले गए उस मैच की याद आ रही है, जिसमें इंग्लैंड ने भारत को 31 रनों से हराया था. सोशल मीडिया पर इस मैच की चर्चा जोरों पर है. इंग्लैंड ने इस मैच में पहले खेलने के बाद 50 ओवर में 7 विकेट पर 337 रन बनाए थे. जवाब में टीम इंडिया निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 306 रन ही बना पाई. इंग्लैंड ने 31 रनों से यह मैच जीता.
जॉनी बेयरस्टो ने खेली शानदार शतकीय पारी
30 जून, 2019 को खेले गए वनडे वर्ल्ड कप के इस मैच में इंग्लैंड के लिए जॉनी बेयरस्टो ने शतक जड़ा था. उनके साथ ओपनिंग करने आए जेसन रॉय ने 66 रनों की पारी खेली थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 22.1 ओवर में 160 रनों की साझेदारी की. बेयरस्टो ने 109 गेंद में 111 रन बनाए. उनके बल्ले से 10 चौके और 6 छक्के निकले. वहीं रॉय ने 57 गेंद में 66 रनों की पारी के दौरान 7 चौके और दो छक्के जड़े.
मिडिल ऑर्डर में बेन स्टोक्स ने 54 गेंद में 79 रनों की पारी खेली. उन्होंने 6 चौके और 3 सिक्स जड़े. जो रूट ने 54 गेंद में 2 चौकों की मदद से 44 रनों की पारी खेली. जोस बटलर आठ गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने एक चौका और दो सिक्स लगाए.
गेंदबाजी में भारत के लिए मोहम्मद शमी ने कमाल कर दिया. शमी ने 69 रन देकर पांच विकेट झटके. जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली. युजवेंद्र चहल और हार्दिक पांड्या का विकेट का खाता खाली रहा.
बेकार गया रोहित शर्मा का शतक और विराट कोहली का अर्धशतक
338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने खराब शुरुआत की. केएल राहुल जीरो पर आउट हुए. रोहित शर्मा ने शतक लगाया तो विराट कोहली ने अर्धशतक जड़ा. रोहित ने 109 गेंद में 15 चौकों की मदद से 102 रन बनाए. विराट ने 76 गेंद में सात चौकों की मदद से 66 रनों की पारी खेली. वहीं ऋषभ पंत ने 29 गेंद में 32 रन बनाए.
हार्दिक पांड्या ने 33 गेंद में चार चौकों की मदद से 45 रन बनाए. एमएस धोनी 31 गेंद में 42 रनों पर नाबाद लौटे. उनके साथ केदार जाधव 13 गेंद में 12 रनों पर नाबाद रहे. इंग्लैंड के लिए लियाम प्लंकेट ने तीन और क्रिस वोक्स ने दो विकेट झटके.
यह भी पढे़ं-
IND vs ENG 1st ODI: 107 रनों पर गिरे 6 विकेट, फिर रूट और डॉसन ने रचा इतिहास; इंग्लैंड ने भारत को दिया 259 का लक्ष्य