मुंगेर/जमालपुर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जमालपुर रेलवे स्टेशन का रीमॉडलिंग कार्य डेढ़ साल से ठप पड़ा है। 34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक स्टेशन की सुविधाएं अब तक चालू नहीं हो सकी हैं, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
टास्क-अमृत भारत स्टेशन योजना की रफ्तार थमी, डेढ़ साल से ठप पड़ा जमालपुर स्टेशन का रीमॉडलिंग कार्य
हिन्दुस्तान पड़ताल
मुंगेर/जमालपुर, हिन्दुस्तान टीम। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल मुंगेर व जमालपुर रेलवे स्टेशन का रीमॉडलिंग कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। जमालपुर स्टेशन में करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की महत्वाकांक्षी योजना अधूरी रहने के कारण हजारों यात्रियों को अब भी प्रस्तावित सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि विश्वस्तरीय 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है, जबकि करीब 15 माह पहले स्थापित नई एस्केलेटर मशीन भी आज तक चालू नहीं हो सकी और केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गई है।
अमृत भारत स्टेशन योजना का कार्य
अमृत भारत स्टेशन योजना के प्रथम चरण का कार्य वर्ष 2023 में पूरा होना था, लेकिन विभिन्न कारणों से यह वर्ष 2025 में जाकर पूरा हुआ। इस चरण में आरएमएस कक्ष, आरक्षित एवं सामान्य प्रतीक्षालय, पे-एंड-यूज शौचालय, महिला-पुरुष शौचालय, स्टेशन भवन का आकर्षक फसाड, मधुबनी पेंटिंग, पेयजल व्यवस्था, उद्यान, आरक्षण भवन का विस्तार, तीन अतिरिक्त लिफ्ट, सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन स्टैंड, दो एस्केलेटर की स्थापना तथा दो मंजिला व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया गया।
दूसरे चरण में कार्य
ये होंगे दूसरे चरण में कार्य पूरा: दूसरे चरण में 12 मीटर चौड़ा नया एफओबी, ईस्ट कॉलोनी की ओर संपर्क मार्ग, नई सीढ़ियां, लिफ्ट, नॉर्थ टैंक की ओर कनेक्टिविटी, स्टेशन पार्क का सौंदर्यीकरण, फव्वारा, फूड प्लाजा तथा दो मंजिला व्यावसायिक भवन में 22 दुकानों का संचालन प्रस्तावित है। हालांकि इन कार्यों पर अबतक प्रगति नहीं हो सकी है।
डीआएम का बयान
क्या कहते हैं डीआएम:
फिलहाल सुल्तानगंज और पीरपैंती स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कार्य तेजी से चल रहा है। इन दोनों स्टेशनों का कार्य पूरा होने के बाद जमालपुर स्टेशन के दूसरे चरण का निर्माण शुरू किया जाएगा। उम्मीद है कि वर्ष 2026 के अंत तक दूसरे चरण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मनीष कुमार गुप्ता, डीआरएम मालदा मंडल।
————————————————–
मुंगेर स्टेशन: अराइवल ब्लॉक पर लटका है ताला, लिफ्ट चालू नहीं हुई है
लिफ्ट चालू नहीं हुई है और पे-एंड-यूज शौचालय भी बंद
मुंगेर। अमृत भारत स्टेशन योजना से मुंगेर एवं जमालपुर स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य चल रहा है। मुंगेर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना से 20 करोड़ की राशि से स्टेशन के विकास एवं यात्रि सुविधाओं के विस्तार का कार्य चल रहा है। पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। पहले चरण के कार्यो में अराइवल ब्लॉक बनकर तैयार हो गया है। यहां टिकट काउंटर, यात्रियों के बैठने एवं टॉयलेट की सुविधा है। अराइवल ब्लॉक के पास ही यात्रियों की सुविधा के लिए एक नंबर प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए लिफ्ट लगाया गया है।
हालांकि, अराइवल ब्लॉक पर अब भी ताला लटका है। लिफ्ट चालू नहीं हुई है और पे-एंड-यूज शौचालय भी बंद हैं, जिससे यात्रियों को इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्टेशन प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि, दो-तीन पहले लिफ्ट चालू किया गया था। जबकि, इलेक्ट्रिक विभाग के सेक्शन इंजीनियर शशि कुमार ने बताया कि, ट्रायल हो चुका है, जल्द चालू किया जाएगा। स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण, पार्किंग जोन तथा मुंगेर किला की तर्ज पर आकर्षक प्रवेश द्वार भी बनाए गये हैं। स्टेशन परिसर में वाहनों के लिए पार्किंग जोन बनाया गया है। साथ ही सौंदर्यीकरण के साथ लाइटिंग का काम पूरा हो गया है।
मुंगेर स्टेशन के दूसरे चरण के कार्य
दूसरे चरण में बनेगा एफओबी: मुंगेर स्टेशन पर दूसरे चरण में यात्रियों की सुविधा के लिए एक नंबर प्लेटफॉर्म से दो नंबर प्लेटफॉर्म जाने के लिए छह मीटर चौड़ा एफओबी(फूट ओवर ब्रिज) बनाए जाएंगे। एक और दो नंबर प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट भी लगाए जाएंगे। स्टेशन में प्रवेश के लिए पूरबसराय की ओर से नया रास्ता भी बनाया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन परिसर में गार्डन तैयार किया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
✦जमालपुर स्टेशन में कितनी लागत से रीमॉडलिंग का कार्य हो रहा है?−
जमालपुर स्टेशन में करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से रीमॉडलिंग का कार्य हो रहा है।
✦अमृत भारत स्टेशन योजना का प्रथम चरण कब पूरा होना था?+
✦मुंगेर स्टेशन पर दूसरे चरण में कौन-कौन से कार्य किए जाएंगे?+