शुभमन गिल, अक्षर पटेल और ये तीन, इंग्लैंड के खिलाफ जीत के हीरो रहे ये 5 खिलाड़ी, बर्मिंघम में अग्रेजों पर पड़े भारी – india beat england five heroes of team india victory against england shubman gill axar patel wasington sundar


भारत ने पहले वनडे मैच में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में आइए जानते हैं कि टीम इंडिया की जीत के असली हीरो कौन से 5 खिलाड़ी रहे।

शुभमन गिल और अक्षर पटेल
शुभमन गिल और अक्षर पटेल
बर्मिंघम: निराशाजनक टी20 सीरीज को पीछे छोड़ते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने वनडे फॉर्मेट में धमाकेदार वापसी की है। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 6 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। मैच में इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 258 रनों पर ढेर हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने 45.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 262 रन बनाते हुए मुकाबले को अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम को यह ऐतिहासिक जीत दिलाने में इन 5 खिलाड़ियों का योगदान सबसे बड़ा रहा, जिन्होंने मैदान पर मैच का पासा पलट दिया।

शुभमन गिल

शुभमन गिल

कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चे से टीम की अगुवाई की और टीम इंडिया की जीत की सबसे मजबूत नींव रखी। सलामी बल्लेबाजी करने उतरे गिल ने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने महज 75 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 80 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि वे रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर गए, लेकिन तब तक वे भारत को जीत की दहलीज पर ला खड़ा कर चुके थे।

अक्षर पटेल

अक्षर पटेल

अक्षर पटेल इस मुकाबले के सबसे बड़े ऑलराउंड मैच विनर साबित हुए। पहले गेंदबाजी करते हुए अक्षर ने अपनी फिरकी का जादू चलाया और 9.5 ओवर में 62 रन देकर इंग्लैंड के सबसे ज्यादा 4 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद जब टीम इंडिया को फिनिशर की जरूरत थी, तो उन्होंने बल्ले से भी कमाल करते हुए 52 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की बदौलत नाबाद 57 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।

वाशिंगटन सुंदर

वाशिंगटन सुंदर

मिडिल ऑर्डर में जब विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल सस्ते में निपट गए थे, तब वाशिंगटन सुंदर संकटमोचक बनकर उभरे। उन्होंने अक्षर पटेल के साथ मिलकर न सिर्फ भारतीय पारी को संभाला बल्कि टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया। सुंदर ने 63 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 52 रनों की बेहद सूझबूझ भरी अर्धशतकीय पारी खेली और गेंद से भी किफायती गेंदबाजी की।

जसप्रीत बुमराह

जसप्रीत बुमराह

दुनिया के सबसे घातक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर साबित किया कि क्यों उन्हें रन बनाना नामुमकिन है। बुमराह ने अपने 9 ओवर के स्पेल में इंग्लिश बल्लेबाजों को पूरी तरह बांधकर रखा। उन्होंने 3.40 की बेहतरीन इकॉनमी रेट से सिर्फ 31 रन खर्च किए और 1 महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर इंग्लैंड को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ने से रोक दिया।

गुरनूर ब्रार

गुरनूर ब्रार

तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार ने गेंदबाजी विभाग में बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा का बखूबी साथ निभाया। उन्होंने मुकाबले में सूझबूझ भरी गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में 61 रन दिए और इंग्लैंड के 2 महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को आउट किया। गुरनूर द्वारा सही समय पर दिलाए गए इन दो विकेटों की बदौलत ही भारतीय टीम इंग्लैंड को 258 रनों पर ऑलआउट करने में सफल हो सकी।

ऋषिकेश कुमार सिंह

लेखक के बारे मेंऋषिकेश कुमार सिंहऋषिकेश कुमार सिंह (डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर)

ऋषिकेश कुमार सिंह वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘इंडिया टीवी’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे अप्रैल 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 3.5 साल का अनुभव है।

विशेषज्ञता: ऋषिकेश कुमार सिंह खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से झारखंड के बोकारो के रहने वाले ऋषिकेश कुमार सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर इन मीडिया में स्नातक किया। उन्होंने साल 2022 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।और पढ़ें