उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक देखने को मिलेगी।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 15 जुलाई को देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके साथ ही कुछ जगहों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
उत्तर भारत में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी भारत में गुजरात, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है।
राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश
दक्षिण पश्चिम मॉनसून के कमजोर पड़ने के बीच राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर तेज हवाएं दर्ज की गईं। इस दौरान राज्य के पूर्वी भाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। पश्चिमी भाग में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान सबसे अधिक 37.0 मिलीमीटर बारिश हनुमानगढ़ में हुई। राज्य के अनेक भागों में अब भी गर्मी पड़ रही है। अधिकतम तापमान गंगानगर में 41.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सिरोही में 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिम राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा। पूर्वी राजस्थान में भी कमोबेश ऐसी ही परिस्थितियां रहेंगी।
ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने रथयात्रा के दौरान तीर्थनगरी पुरी सहित ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की। विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा इस वर्ष 16 जुलाई को पुरी में आयोजित की जाएगी। इस उत्सव को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आईएमडी के दोपहर की बुलेटिन के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बांग्लादेश तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम प्रणाली के प्रभाव से बुधवार से शुक्रवार सुबह तक पुरी में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बुधवार सुबह तक केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और भद्रक जिलों के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है। इन तीन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
केरल, कर्नाटक के मौसम का हाल
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। दक्षिण के कुछ तटीय क्षेत्रों में उमस बनी रह सकती है। आईएमडी ने भारी बारिश वाले राज्यों में लोगों को सतर्क रहने, नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और स्थानीय प्रशासन की मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है। 15 जुलाई को देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने से तापमान में गिरावट की संभावना है।