जागरण संवाददाता, रांची। रांची के अपर बाजार क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति की टीम ने मंगलवार रात विशेष अभियान चलाते हुए क्षेत्र की कई दुकानों में छापामारी की।
इस दौरान छह से अधिक दुकानों की जांच की गई, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट), गांजा सहित अन्य प्रतिबंधित एवं नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
छापामारी के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में रखे सामान की बारीकी से जांच की। जांच में यह सामने आया कि कुछ दुकानदार पैकेटबंद सिगरेट के साथ खाद्य सामग्री बेच रहे थे, निर्धारित नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
नियमानुसार तंबाकू उत्पादों और खाद्य पदार्थों की बिक्री एक साथ नहीं की जा सकती। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक एक-एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अपर बाजार क्षेत्र में लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर एसडीओ ने विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।