शहडोल में खूनी खेल, चिकन शॉप संचालक के सीने में उतारी ताबड़तोड़ गोलियां


Shahdol daylight murder

शहडोल में खूनी खेल (Etv Bharat)

शहडोल : मध्य प्रदेश के शहडोल में एक चिकन दुकान संचालक की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. हिस्ट्री शीटर बदमाश ने चिकन दुकान संचालक के सीने में ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. दिन दहाड़े हत्याकांड की इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में जमकर आक्रोश है. आक्रोशित भीड़ ने घटना के बाद एनएच 43 पर श्रीवास्तव मोड पर चक्का जाम कर प्रदर्शन कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.

पहले की हवाई फायरिंग, रोकने पर मारी गोली

घटना शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र की है, जहां रामपुर निवासी रज्जन कहार अपनी चिकन शॉप पर मौजूद था. इसी दौरान आदतन अपराधी राजकुमार शर्मा उर्फ लल्लन वहां पहुंचा और कथित रूप से हवाई फायरिंग करने लगा. प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक रज्जन ने इसका विरोध करते हुए उसे ऐसा करने से मना किया, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने रज्जन पर गोलियां चला दी, जिसके बाद रज्जन गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

जानकारी देते एसपी (Etv Bharat)

आरोपी को पकड़ने दबिश दे रही पुलिस

पुलिस ने मामले में सभी पहलुओं पर जांच तेज कर दी है आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना भी शुरू कर दिया है. क्षेत्र में हर जगह पुलिस बल तैनात है और वारदात के बाद से ही पुलिस हालातों पर नजर बनाए हुए हैं. अमलाई पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार एक्शन लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें-

पुराना क्रिमिनल है आरोपी

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शहडोल एसपी संजय अग्रवाल ने कहा, ” रामपुर में आपसी विवाद के चलते एक मुर्गी की दुकान चलाने वाला जिसका नाम रज्जन कहार है उसको गोली लगी है. अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसकी मृत्यु हो गई है, आरोपी पुराना क्रिमिनल है, उसका नाम लल्लन शर्मा पता चला है, जो कि अभी फरार है. अन्य थाना क्षेत्र में दूसरे राज्यों में भी ये आरोपी है, वहां से भी लगातार ये फरार चल रहा है. ऐसा मालूम हुआ है कि यहां की पुलिस आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है. लल्लन आरोपी यहां पर रहता नहीं है, कल ही आया है और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया है. आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.”



Leave a Comment