सरकारी नौकरी का झांसा देकर 5.46 लाख की ठगी, National Hindi News


Follow us on Google News
share

शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने के झांसे में आकर एक व्यक्ति ने 5,86,500 रुपये खो दिए। आरोपी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने 2013-14 से पीड़ित से दोस्ती की और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पैसे लिये। अब न नौकरी मिली न पैसे लौटाए गए। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

सरकारी नौकरी का झांसा देकर 5.46 लाख की ठगी

शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली अजीतमल पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हैदरपुर निवासी रामजी भैया पुत्र महावीर प्रसाद शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी पहचान थाना सहायल क्षेत्र के ग्राम जड़कडू निवासी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह पुत्र रामशंकर से वर्ष 2013-14 से थी। आरोप है कि अगस्त 2025 में आरोपित ने शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देते हुए 10 लाख रुपये खर्च होने और चार माह के भीतर नियुक्ति कराने की बात कही।

पीड़ित का आरोप है कि विश्वास में लेकर आरोपित ने यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में 21 किस्तों में कुल 5,86,500 रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही पूरी रकम वापस की गई। आरोप है कि मांग करने पर आरोपित ने केवल 40 हजार रुपये लौटाए, जबकि शेष 5,46,500 रुपये देने से इनकार कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि रुपये वापस मांगने पर आरोपित ने अपनी राजनीतिक पहुंच और प्रभाव का हवाला देते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



Leave a Comment